विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में किसान समृद्धि योजना: राज्य में अब तक 4,950 सोलर पंप वितरित, 22 हजार किसानों ने किया आवेदन

Published: Sat, 07 Mar 2026 02:20 AM (GMT+05:30)

झारखंड में किसान समृद्धि योजना के तहत किसानों को 90% अनुदान पर सोलर पंप दिए जा रहे हैं। अब तक ...और पढ़ें

खबर के लिए प्रस्तुत की गई सांकेतिक तस्वीर

खबर के लिए प्रस्तुत की गई सांकेतिक तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

मनोज सिंह, रांची। किसान समृद्धि योजना के तहत राज्य के किसानों को सोलर पंप दिया जा रहा है। यह पंप कृषि विभाग की ओर से 90 प्रतिशत अनुदान पर दिया जा रहा है यानी लागत का सिर्फ दस प्रतिशत ही किसान को जमा करना है।

इसके लिए किसान बैंक से डीडी, खाता से ट्रांसफर या यूपीआइ के जरिए भुगतान कर सकता है। राज्य में अब तक 4,950 सोलर पंप वितरित किए जा चुके हैं। किसानों को दो एसपी (हार्स पावर) का सोलर पंप दिया जा रहा है।

पहले इस पंप की कीमत 1.81 लाख रुपये थी, लेकिन जीएसटी में हुए बदलाव के बाद यह पंप अब 1.73 लाख रुपये मिल रहा है। इसके लिए किसान को मात्र 17,300 रुपये का भुगतान करना होगा।

यह सोलर पंप एक ट्राली पर लगा होता है, जिसे काम होने के बाद किसान अपने घर ले जा सकता है। ऐसे में इसके चोरी होने की संभावना पूरी तरह से समाप्त हो जाती है। इस वित्तीय वर्ष में पांच एसपी के सोलर पंप दिए जाने की योजना है। बजट में लिए इस वर्ष 75 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

22 हजार किसानों ने दिया आवेदन

राज्य के 24 जिलों में यह योजना चलाई जा रही है। इसका लाभ लेने के लिए किसानों को आनलाइन आवेदन करना पड़ता है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक 22 हजार किसानों ने सोलर पंप के लिए आवेदन दिया है।

लाभुक किसानों को एक चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। सबसे पहले उसके आवेदन को ग्राम सभा से अनुशंसा की जाती है। जिसमें किसान का आधार कार्ड, राशन कार्ड और जमीन के दस्तावेज होते हैं। फिर जिला कृषि पदाधिकारी इसकी जांच करते हुए इसकी अनुशंसा कृषि निदेशालय भेजते हैं।

निदेशालय से सत्यापन के बाद उक्त आवेदन सोलर पंप देने वाली एजेंसी को भेजा जाता है। एजेंसी की ओर से स्थल परीक्षण किया जाता है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसान के पास तालाब या पानी का स्रोत है, जिससे वह अपने खेत की सिंचाई कर सकता है। उसके बाद एजेंसी किसान को सोलर पंप उपलब्ध कराती है।

पर्यावरण के साथ पैसे की भी होगी बचत

सोलर पंप की वजह से सिंचाई के लिए किसान को न तो बिजली का खर्च उठना पड़ता है और न ही उसे डीजल पंपसेट चलाना पड़ता है। ऐसे में पर्यावरण के संरक्षण के साथ पैसे की भी बचत होती है। दो एसपी के पंप को किसी भी मौसम में सिंचाई के लिए प्रयोग में लाया जा सकता है। इसका रखरखाव भी बहुत कम है।

जिलावार आवेदन की स्थिति

जिला का नाम आवेदन की संख्या
पलामू 1,897
रांची 1,786
हजारीबाग 1,785
गढ़वा 1,685
गिरिडीह 1,364
गोड्डा 1,311
दुमका 1,296
देवघर 1,084
चतरा 1,064
सिमडेगा 1,073
पश्चिमी सिंहभूम 862
साहिबगंज 857
गुमला 720
खूंटी 630
बोकारो 609
जामताड़ा 563
लातेहार 546
पूर्वी सिंहभूम 558
रामगढ़ 510
सरायकेला 393
कोडरमा 417
धनबाद 286
पाकुड़ 280

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।