विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड सचिवालय में 'सेटिंग' का झांसा देकर लाखों की ठगी, ज्वाइनिंग करने नेपाल हाउस पहुंचे तो खुला राज

Published: Mon, 23 Mar 2026 05:06 AM (IST)

रांची के रातू थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 43 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता,रांची। रातू थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। सुनील साहू और उनके मित्र रंजीत कुमार यादव ने शिकायत दर्ज कराई है कि गानेश्वर कुमार नायक, उसकी पत्नी रोमा कुमारी और विकास नायक ने उन्हें झारखंड सचिवालय में नौकरी दिलाने के बहाने 43 लाख रुपये ठग लिए। 

मामले में आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह द्वारा किया गया था। शिकायत के अनुसार, लगभग दो साल पहले दोनों पीड़ितों की मुलाकात गानेश्वर कुमार नायक और रोमा कुमारी से हुई थी। 

प्रति उम्मीदवार 30 लाख रुपये देने का प्रलोभन 

उन्होंने अपने आप को सरकारी नौकरी लगवाने का माध्यम बताते हुए कहा कि उम्मीदवार को केवल परीक्षा में बैठना होगा और बाकी प्रक्रिया वह संभालेंगे। जनवरी 2024 में दोनों को अपने घर बुलाकर उन्होंने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के विज्ञापन से प्रशाखा पदाधिकारी पदों पर नियुक्ति के लिए प्रति उम्मीदवार 30 लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया। 

इसके बाद चरणबद्ध तरीके से सुनील और रंजीत ने एनइएफटी और नकद के माध्यम से कुल 29 लाख रुपये भेजे।

फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर ठगी

पीड़ितों के अनुसार जनवरी 2026 में आरोपित झारखंड सरकार के फर्जी लेटर हेड और उप सचिव के हस्ताक्षर कर ज्वाइनिंग लेटर जारी करने लगे। जब सुनील और रंजीत नेपाल हाउस, रांची जाकर ज्वाइनिंग के लिए पहुंचे, तब उन्हें पता चला कि ज्वाइनिंग लेटर पूरी तरह फर्जी था। 

आरोपितों ने तब तक 43 लाख रुपये ले लिया था। इसके बाद आरोपित उनसे संपर्क से भी बचने लगे। सुनील और रंजीत ने पुलिस को सभी दस्तावेज सौंपे, जिनमें फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, एकरारनामा, एनइएफटी और फोन पे भुगतान की रसीदें शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी गिरफ्तारी और गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास जारी है। 

पीड़ितों ने बताया कि आरोपितों ने जाली नियुक्ति पत्र और फर्जी दस्तावेज के माध्यम से उन्हें विश्वास में लेकर रकम जमा करवाई। पुलिस का कहना है कि केस कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।