विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पर्व में भी होगी एनडीआरएफ पर निर्भरता, गहरे पानी में बचाव के लिए झारखंड एसडीआरएफ कारगर नहीं

Published: Thu, 12 Nov 2026 07:30 AM (IST)

झारखंड का राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) गहरे पानी में बचाव कार्यों के लिए अब भी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल ...और पढ़ें

एसडीआरएफ को लाइफ जैकेट, बोट आदि तो मिले, बल को सृजित पद नहीं भर सका। (तस्वीर: सांकेतिक)

एसडीआरएफ को लाइफ जैकेट, बोट आदि तो मिले, बल को सृजित पद नहीं भर सका। (तस्वीर: सांकेतिक)

HighLights

  1. एसडीआरएफ गहरे पानी में बचाव हेतु एनडीआरएफ पर निर्भर।

  2. बल को बुनियादी प्रशिक्षण मिला, पर पूर्ण सशक्तिकरण नहीं।

  3. छठ पूजा पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ दोनों की तैनाती होगी।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड का राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) का गठन जिस उद्देश्य के लिए हुआ था, उसे उस अनुरूप विकसित नहीं किया जा सका। आज भी डीप डाइविंग (गहरे पानी में गोता लगाने), गहरे पानी में रेस्क्यू चलाना हो तो राज्य सरकार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की मदद लेनी पड़ती है। एसडीआरएफ में प्रतिनियुक्त जवानों को बेसिक प्रशिक्षण तो मिला, लेकिन उस अनुरूप नहीं मिला, जिसकी परिकल्पना गठन के वक्त की गई थी।

वर्तमान में एसडीआरएफ में प्रतिनियुक्त जवानों को मेडिकल इमर्जेंसी में प्राथमिक उपचार देने, कोई भवन ध्वस्त होने पर उसमें फंसे लोगों को निकालने, नदी-तालाबों में डूब रहे लोगों को बचाने के लिए बोट रेस्क्यू व गैस या केमिकल रिसाव वाले स्थानों पर रेस्क्यू चलाने के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

जवानों को लाइफ जैकेट, बोट आदि भी मिले, लेकिन सभी बड़े अभियान में एनडीआरएफ पर ही निर्भरता है। अब आने वाले त्योहार छठ पूजा के दौरान राज्य के नदी, तालाब व डैम आदि में एसडीआरएफ व एनडीआरएफ दोनों की तैनाती होगी, ताकि अर्घ्य के दौरान हर विषम परिस्थिति से निपटा जा सके।

गत वर्ष 2025 में रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के मधुकम तालाब में छठ के दिन एक युवक की डूबने से मौत हो गई थी। उसकी तलाश के लिए एनडीआरएफ की ही मदद ली गई थी, जबकि राज्य में एसडीआरएफ को भी एनडीआरएफ के समानांतर बनाने की पहल चल रही है।

वर्ष 2016 में एसडीआरएफ का हुआ था गठन, जारी हुआ था संकल्प

राज्य में समेकित आपदा प्रबंधन के लिए एसडीआरएफ का गठन वर्ष 2016 में हुआ था। इससे संबंधित संकल्प आपदा प्रबंधन विभाग ने नौ सितंबर 2016 को जारी किया था। इसके लिए सुरक्षा बल के 132 पदों को सृजित किया गया था।

इसकी प्रक्रिया शुरू हुई और झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) के 65 जवानों को इस बल में योगदान कराया गया था। इसमें कुछ जवानों को मास्टर प्रशिक्षण दिलाया जा चुका है। निविदा पर स्थानीय गोताखोरों को भी इस बल से जोड़ने की योजना बनी थी, लेकिन अब तक उसे पूरी तरह मूर्त रूप नहीं दिया जा सका।

एसडीआरएफ की कंपनी में गृह रक्षक तथा भूतपूर्व सैनिकों को लिया जाना था। अगर ये दोनों नहीं मिलते हैं तो अन्य स्रोतों से ऐसे सुपात्र कर्मियों का चयन किया जाना था, जो नहीं हो सका।

राज्य में इन क्षेत्रों में आपदा की बनी रहती है आशंका

राज्य में बड़े पैमाने पर खनन गतिविधियां, विशेषकर कोयला खनन के फलस्वरूप कई खनन जनित आपदा घटित होती है। राज्य के झरिया में भूगर्भ में आग लगी है, जिसके चलते समय-समय पर स्थानीय निवासी प्रभावित होते हैं।

राज्य में बड़ी संख्या में जलाशय व जलप्रपात हैं, जहां अक्सर घटनाएं घटती हैं। यहां सुखाड़ की भी स्थिति बनती है और वज्रपात से सैकड़ों की संख्या में लोग प्रभावित होते हैं। कुछ नदियों में बाढ़ के चलते जान-माल का नुकसान होता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।