झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा आज: रांची के 127 केंद्रों पर सुरक्षा सख्त, धारा 163 लागू
रांची में 19 जुलाई को झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा 2026 के लिए 127 केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू की गई है।

रांची रेलवज स्टेशन पर छात्रों की भीड़। (जागरण)
HighLights
19 जुलाई को रांची में झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा।
127 केंद्रों पर 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा।
परीक्षार्थियों के लिए पांच जोड़ी विशेष ट्रेनें संचालित।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा 2026 19 जुलाई को रांची जिला के 127 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के कदाचारमुक्त संचालन के लिए एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश पर पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
परीक्षा केंद्रों में असामाजिक तत्व भीड़ लगाकर विधि-व्यवस्था भंग करने की चेष्टा कर सकते हैं, इस आशंका को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी सदर द्वारा बीएनएसएस की धारा 163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी की गई है।
इसके तहत पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों का एक जगह जमा होना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों तथा सरकारी कार्यक्रम एवं शवयात्रा को छोड़कर), किसी प्रकार का ध्वनि विस्तारक यंत्र का व्यवहार करना, किसी प्रकार का अस्त्र-शस्त्र, जैसे बंदूक, राइफल, रिवाल्वर, बम, बारूद आदि लेकर चलना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों को छोड़कर), किसी प्रकार का हरवे हथियार जैसे-लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा भाला आदि लेकर चलना (सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों/कर्मचारियों को छोडकर), किसी प्रकार की बैठक या आमसभा का आयोजन करना, शामिल है। निषेधाज्ञा 19 जुलाई को सुबह 6:30 बजे से रात 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।
परीक्षा के लिए रेलवे की विशेष तैयारी, पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
परीक्षा तथा ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल ने परीक्षार्थियों और यात्रियों की सुविधा के लिए पांच जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।
ये स्पेशल ट्रेनें 20 जुलाई तक रांची, पटना, दुमका, गढ़वा रोड और हजारीबाग रोड के विभिन्न मार्गों पर चलेंगी। इनमें अनारक्षित मेमू, अनारक्षित स्पेशल तथा स्लीपर कोच वाली परीक्षा स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
रांची-दुमका-रांची अनारक्षित परीक्षा स्पेशल (08619/08620) 19 और 20 जुलाई को चलेगी। ट्रेन संख्या 08619 19 जुलाई को रांची से 20:20 बजे प्रस्थान कर मुरी, झालिदा, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, जसीडीह और देवघर होते हुए अगले दिन 5:30 बजे दुमका पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08620 20 जुलाई को दुमका से 7:45 बजे चलकर 17:45 बजे रांची पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसएलआर के दो तथा सामान्य श्रेणी के आठ, कुल 10 कोच रहेंगे।
टाटानगर-हजारीबाग रोड-टाटानगर अनारक्षित मेमू परीक्षा स्पेशल (08103/08104) भी 19 और 20 जुलाई को चलेगी। ट्रेन संख्या 08103 19 जुलाई को टाटानगर से 18:30 बजे रवाना होकर मुरी, बोकारो स्टील सिटी और गोमो होते हुए 1:15 बजे हजारीबाग रोड पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08104 20 जुलाई को हजारीबाग रोड से 2 बजे प्रस्थान कर 8:15 बजे टाटानगर पहुंचेगी। इस मेमू ट्रेन में आठ कोच होंगे।
रांची-पटना-रांची परीक्षा स्पेशल (08624/08623) का भी परिचालन 19 और 20 जुलाई को किया जाएगा। ट्रेन संख्या 08624 19 जुलाई को रांची से 18:30 बजे प्रस्थान कर मुरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो, हजारीबाग रोड, कोडरमा और गया होते हुए 2:45 बजे पटना पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08623 20 जुलाई को पटना से 5:30 बजे रवाना होकर 15:15 बजे रांची पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसएलआरडी के दो, सामान्य श्रेणी के दो तथा द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 14, कुल 18 कोच लगाए जाएंगे।
गढ़वा रोड के लिए भी दो जोड़ी अनारक्षित मेमू परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन होगा। ट्रेन संख्या 08604 18 जुलाई को रांची से 17:30 बजे चलकर पिस्का, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह और डालटनगंज होते हुए 23:45 बजे गढ़वा रोड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08603 19 जुलाई को गढ़वा रोड से 1 बजे चलकर 6:15 बजे रांची पहुंचेगी।
इस ट्रेन में 12 मेमू कोच होंगे। इसी प्रकार दूसरी मेमू स्पेशल ट्रेन संख्या 08602 19 जुलाई को रांची से 19:45 बजे प्रस्थान कर 1 बजे गढ़वा रोड पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08601 20 जुलाई को गढ़वा रोड से 1:15 बजे रवाना होकर 6:15 बजे रांची पहुंचेगी। इस ट्रेन में भी 12 मेमू कोच लगाए जाएंगे। रेलवे ने परीक्षार्थियों से समय का ध्यान रखते हुए इन विशेष ट्रेनों का लाभ उठाने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।