महिला को जूता मारना महंगा पड़ा, भीड़ ने वन संरक्षक की जमकर की पिटाई Ranchi News
Jharkhand Ranchi News चैंबर में घुसकर तोडफ़ोड़ किया और कुर्सियां फेंकीं। वन अधिकारी को पुलिस पकड़ कर थाने ले गई। डोरंडा थाने में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
रांची, जेएनएन। रांची के डोरंडा स्थित वन भवन में सोमवार को पूरे दिन हंगामा होता रहा। दर्जनों लोगों की की भीड़ ने मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) संपत कुमार की जूते-चप्पल से पिटाई कर दी। उन पर कुर्सियां भी फेंकी। इसके बाद पुलिस उन्हें पकड़ कर थाने ले गई। यह नौबत इसलिए आई क्योंकि सीसीएफ ने उस महिला को जूते से मारा था जो उनके यहां कुक का काम करती थी। उसके साथ गाली-गलौच भी की थी।
सूचना पाकर महिला कुक रेखा कुमारी की बस्ती के दर्जनों लोग कार्यालय आ धमके। भीड़ चैंबर में घुस गई। वहां जमकर हंगामा किया। कार्यालय की कुर्सियां तोड़ डालीं। कुर्सी उठाकर उनकी ओर फेंकी। पुलिस की मौजूदगी में हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। भीड़ में शामिल लोगों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अधिकारी को बर्खास्त करने की मांग भी की।
आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने संपत कुमार को हिरासत में ले लिया और अपने साथ डोरंडा थाने ले गई। पीछे से आक्रोशित लोग भी थाना पहुंच गए। थाने में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इस पूरी घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
यह है मामला
रेखा कुमारी के अनुसार वह संपत कुमार के घर में खाना बनाने का काम करती थी। कुछ दिनों पहले उसे काम से हटा दिया गया। इसके बाद वह कार्यालय पहुंचकर अपना बकाया 8900 की मांग करती रही लेकिन लगातार टालमटोल किया जा रहा था। इस बीच सोमवार को सीसीएफ के कार्यालय पहुंच अपना पैसा मांगा। इस बात पर उसे जूते से मारा गया और गाली-गलौज की गई। उसने अपने परिजनों को जानकारी दी तो आक्रोशित परिजन और मुहल्लेवासी कार्यालय पहुंच गए।
'वन विभाग के कार्यालय में कुछ विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों पक्ष थाने आए थे। दोनों पक्ष में से किसी ने मामला दर्ज नहीं कराया है। दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया।' -शैलेश प्रसाद, थाना प्रभारी, डोरंडा थाना, रांची।