विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में पुलिस गश्त का हाल बेहाल: इक्का-दुक्का जवान के भरोसे PCR, कैसे रुकेंगे अपराध?

Published: Sun, 05 Jul 2026 07:59 AM (IST)

झारखंड में पुलिस गश्त की स्थिति बेहद खराब है, जहां इक्का-दुक्का जवानों के भरोसे पीसीआर वैन चल रही हैं, जिससे अपराधों पर नियंत्रण मुश्किल हो रहा है। 

AI Generated Image

AI Generated Image

HighLights

  1. झारखंड में पुलिस गश्त इक्का-दुक्का जवानों के भरोसे चल रही।

  2. राज्य में 11,355 सिपाहियों समेत हजारों पद रिक्त हैं।

  3. 2017 के बाद से सिपाहियों की सीधी भर्ती नहीं हुई।

दिलीप कुमार, रांची। पूरे राज्य में पुलिस गश्त का हाल बेहाल है। इक्का-दुक्का जवान के भरोसे पुलिस गश्त हो रही है। ऐसी स्थिति में किसी तरह की कोई अनहोनी होती है तो उसे संभालने में ये पुलिसकर्मी नाकाफी साबित होते हैं।

ताजा उदाहरण जमशेदपुर का है, जब पुलिस वैन से निकालकर अपराधियों ने युवक की हत्या कर दी और पुलिस सही तरीके से अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई भी नहीं कर सकी। जमशेदपुर की घटना में यह निकलकर सामने आया कि घटना की सूचना पर जो पीसीआर वैन पहुंची थी, उसमें चालक के अलावा सिर्फ एक पदाधिकारी थे।

मामला बिगड़ने पर सूचना पर टाइगर मोबाइल से दो जवान पहुंचे थे, जिन्होंने पूरी कोशिश की, लेकिन अपराधियों की संख्या अधिक होने से युवकों को बचा नहीं सके। पुलिस गश्त वाले वाहनों में बल कम होने का मामला सिर्फ जमशेदपुर का ही नहीं है। यही स्थिति राजधानी रांची सहित सभी 24 जिलों की है।

पुलिस गश्त के नाम पर खानापूर्ति हो रही है। नाम भर की गश्त हो रही है। इसका सबसे बड़ा कारण बल की कमी है। मौजूदा बल से ही संबंधित जिलों के एसपी विधि व्यवस्था संभालने को विवश हैं और इसके लिए उचित माध्यम से विभाग तक अपनी बात भी पहुंचा चुके हैं।

राजधानी रांची में किसी पीसीआर में एक अधिकारी एक जवान तो कहीं एक पदाधिकारी दो जवान

राजधानी रांची में भी पुलिस गश्त की बदतर स्थिति है। बल की कमी के चलते किसी-किसी पीसीआर वैन में चालक के अलावा एक पदाधिकारी व एक जवान रहते हैं तो किसी-किसी पीसीआर में एक पदाधिकारी व दो जवान गश्त कर रहे हैं। पीसीआर वाले पदाधिकारी-जवान दो शिफ्ट में 12-12 घंटे की ड्यूटी कर रहे हैं।

पूछने पर बताते हैं कि बल है कहां कि पीसीआर को पर्याप्त बल मिले। जैसे-तैसे गश्त के नाम पर गाड़ियां दौड़ रही हैं। आदर्श व्यवस्था यह होता है कि चालक के अलावा एक पदाधिकारी व चार जवान एक गश्ती पार्टी में शामिल होते हैं।

2017 के बाद नहीं हुई सिपाहियों की बहाली, अनुकंपा पर इक्का-दुक्का हुए बहाल

झारखंड में सिपाहियों की बहाली के लिए वर्ष 2015 में विज्ञापन निकला था और वर्ष 2017 में करीब 2000 सिपाहियों की बहाली हुई थी। इसके बाद अनुकंपा पर इक्का-दुक्का बहाल होते रहे, लेकिन सीधी बहाली नहीं हो सकी। वर्तमान में स्थिति यह है कि राज्य में स्वीकृत बल की तुलना में 11,355 सिपाहियों की रिक्तियां हैं। दारोगा पद की भी 2,263 रिक्तियां हैं।

सिपाही से इंस्पेक्टर तक कितनी रिक्तियां

Screenshot 2026-07-05 171849

नोट : इंस्पेक्टर विशेष शाखा का आंकड़ा क्लोज कैडर का है। वहीं, दारोगा की 2263 रिक्तियों में विशेष शाखा में लगभग 115, जिलों में सीधी नियुक्ति से 1110 व जिला में विभागीय प्रोन्नति से 1038 पद रिक्त हैं।

सीमित संसाधन, अपर्याप्त बल से उपद्रवियों का सामना कैसे करेंगे जवान : एसोसिएशन

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि पुलिस में बल की संख्या बढ़ाने, उन्हें आधुनिक संसाधनों से लैस करने व उनके अधिकारों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। उनके अनुसार, राज्य की पुलिस को और सशक्त और साधन-संपन्न बनाने की आवश्यकता है।

एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है कि उनके कुशल नेतृत्व में राज्य से उग्रवाद का लगभग सफाया हो गया है, उसी तरह इन शहरी अपराधियों व असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त करने के लिए एक ठोस नीति की जरूरत है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।