झारखंड पुलिस ड्यूटी मीट में तकनीकी अनुसंधान की दक्षता साबित करेंगे झारखंड पुलिस के अधिकारी
रांची के डोरंडा में 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट शुरू हुई, जहां 80 से अधिक अधिकारी तकनीकी अनुसंधान के गुर सीखेंगे। डीजीपी ने उद्घाटन कर अपराधियों को सजा दिलाने के लिए बेहतर जांच और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया।

रांची के डोरंडा स्थित जैप वन परिसर में 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट शुरू।
राज्य ब्यूरो, रांची। रांची के डोरंडा स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप) वन परिसर में चार दिवसीय 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। चार दिनों की इस प्रतियोगिताओं के दौरान इसमें शामिल प्रतिभागी अधिकारी बेहतर अनुसंधान के गुर सीखेंगे ही अपनी दक्षता भी साबित करेंगे कि वे अनुसंधान की बारीकियों में कितने दक्ष हैं।
30 नवंबर तक चलने वाले इस पुलिस ड्यूटी मीट का उद्घाटन डीजीपी तदाशा मिश्रा ने किया। सीआइडी के अधीन इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसमें झारखंड पुलिस के सभी रेंज के पुलिस अधिकारी व जवानों की आठ टीमें शामिल हो रही हैं। इसमें 80 से अधिक पुलिस अधिकारी व कर्मी अपनी प्रतिभा और कार्यकुशलता का प्रदर्शन करेंगे।
पुलिस ड्यूटी मीट के आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक तकनीक व फारेंसिक साक्ष्यों के प्रयोग में दक्ष बनाना है, ताकि किसी भी अपराध में गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध मजबूत साक्ष्य जुटाकर उन्हें न्यायालय से सजा दिलाई जा सके।
प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों का चयन किया जाएगा जो राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली पुलिस ड्यूटी मीट में झारखंड पुलिस का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उद्घाटन समारोह में मौके पर एडीजी जैप सह एसीबी प्रिया दुबे, एडीजी सीआइडी मनोज कौशिक, आइजी सीआरपीएफ साकेत कुमार सिंह, आइजी मानवाधिकार पंकज कंबोज, आइजी प्रोविजन मयूर पटेल कन्हैयालाल, आइजी जैप सुनील भास्कर, डीआइजी एसीबी शैलेंद्र वर्णवाल, एसपी विशेष शाखा सौरभ, एसएसपी रांची राकेश रंजन व एसपी दीपक पांडेय आदि मौजूद थे।
फोरेंसिक साइंस सहित 12 विषयों पर होंगी प्रतियोगिताएं
झारखंड पुलिस ड्यूटी मीट में कुल 12 प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें फारेंसिक साइंस की लिखित परीक्षा, अपराध अनुसंधान, कंप्यूटर जागरूकता, फोटोग्राफी, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने एवं उनकी पैकिंग, डाग स्क्वायड, एक्सप्लोसिव ट्रैकर तथा फिंगर प्रिंट से संबंधित व्यावहारिक और मौखिक परीक्षाएं शामिल हैं।
इन प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन स्थान पर आने वाली टीमों को मिलाकर राज्य की टीम तैयार की जाएगी। वही टीम राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित पुलिस ड्यूटी मीट में शामिल होगी।
ये हैं आठ टीमें
दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र रांची, कोयला क्षेत्र बोकारो, कोल्हान क्षेत्र चाईबासा, पलामू क्षेत्र डालटनगंज, उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र हजारीबाग, संताल परगना क्षेत्र दुमका व सीआइडी रांची।

डीजीपी ने कहा, बेहतर अनुसंधान से ही दिलाई जा सकती है सजा
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट में पुलिस अधिकारी अनुसंधान के बेहतर गुर सीखेंगे। बेहतर अनुसंधान से ही अपराधियों को सजा दिलाई जा सकती है। इसपर झारखंड पुलिस लगातार काम कर रही है।
आईटी, साइबर अपराध, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा सहित विभिन्न बिंदुओं पर लगातार काम चल रहा है। अपराधियों की प्रोफाइल तैयार हो रही है। एक बटन दबाते ही अपराधियों का पूरा प्रोफाइल पुलिस के सामने होगा।
साइबर ठगी, मानव तस्करी, महिला एवं बाल अपराध तथा मादक पदार्थ के अवैध कारोबार से निपटने के लिए झारखंड पुलिस जांच में तकनीक, फारेंसिक साक्ष्य व आधुनिक प्रणालियों का उपयोग बढ़ा है। वर्ष 2016 से अब तक राज्य में 11689 साइबर अपराध के मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने इस अवधि में 8113 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए 48312 मोबाइल नंबर व 9350 आइएमईआइ नंबर को ब्लाक कराया जा चुका है। साइबर ठगी के शिकार लोगों को मदद पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।
साइबर ठगी के शिकार को मनी रेस्टोरेशन माड्यूल (एमआरएम) के माध्यम से राशि वापस कराने की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। इससे पीड़ित कानूनी प्रकिया व न्यायालय के चक्कर से बच जाते हैं। डीजीपी ने बताया कि मानव तस्करी के मामले में 139 महिलाओं व बच्चों को बचाया गया है।
पाक्सो व महिला अपराध से जुड़े 2746 मामलों में चार्जशीट दाखिल की गई है व 262 मामलों में दोषियों को सजा दिलाई गई है। इस वर्ष 2026 में करीब 4620 एकड़ जमीन पर की गई अफीम की अवैध खेती नष्ट की गई है। पुलिस के अभियान में 48 तस्कर गिरफ्तार भी किए गए हैं। पुलिस केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान भी चला रही है।
अपराध अनुसंधान व अपराधियों की पहचान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए झारखंड पुलिस आधुनिक तकनीकी प्रणालियों का इस्तेमाल कर रही है। अपराध अनुसंधान विभाग व जिला स्तर पर नेशनल आटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (एनएएफआइएस) को अपनाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।