JSSC ने जारी किया पारा चिकित्सा कर्मियों की भर्ती परीक्षा का रिजल्ट, पुरुष नर्स का परिणाम पेंडिंग
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने काराओं में पारा चिकित्सा कर्मियों की भर्ती हेतु संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
JSSC ने पारा चिकित्सा कर्मियों का परिणाम जारी किया।
पुरुष नर्स (एएनएम) के 26 पदों का परिणाम लंबित।
योग्यता अस्पष्टता के कारण परिणाम रोका गया है।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयाेग ने शुक्रवार को राज्य की काराओं में पारा चिकित्सा कर्मियों की भर्ती हेतु संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया।
इसमें पुरुष नर्स (एएनएम) के 26 पदों के लिए हुई परीक्षा का परिणाम लंबित रखा गया है। आयोग के अनुसार, इस पद के लिए अनुमान्य प्रशिक्षण योग्यता में अस्पष्टता के कारण अभ्यर्थियों का परिणाम लंबित रखा गया है। इस संबंध में विभागीय मंतव्य के आधार पर आयोग के निर्णय के बाद परिणाम जारी किया जाएगा।
नियमित रिक्ति के तहत महिला नर्स (एएनएम) के दो, फार्मासिस्ट के दो, मिश्रक (कंपाउंडर) के आठ, परिधापक (ड्रेसर) के आठ पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा की गई है।
वहीं, बैकलाग रिक्ति के तहत एक्स-रे टेक्निशियन के एक पद के लिए अभ्यर्थी का चयन हुआ है। अनुमान्य शैक्षणिक योग्यता में भिन्नता के कारण मिश्रक पद के एक अभ्यर्थी का परिणाम लंबित रखा गया है। आयोग ने इस परीक्षा का कामन मेरिट लिस्ट भी जारी कर दिया है।
बताते चलें कि जिन नियमित पदों के विरुद्ध नियुक्ति होनी है, उनमें महिला नर्स (एएनएम) के 02, पुरुष नर्स (एएनएम) के 26, फार्मासिस्ट के दो, मिश्रक के 10, ड्रेसर के आठ पद सम्मिलित हैं।
बैकलाग श्रेणी में पुरुष नर्स (एएनएम) के 02 तथा एक्सरे टेक्नीशियन के एक पद के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी।
यह भी पढ़ें- झारखंड में वीबी जी-रामजी योजना से 12,500 किमी ग्रामीण सड़कें बनेंगी, किस-किस जिले में कितना काम?