विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में 7,299 सहायक आचार्य पदों पर बंपर भर्ती, 6101 नियमित तथा 1198 बैकलाॅग पदों पर होगी नियुक्ति

Published: Wed, 22 Jul 2026 08:31 PM (IST)

झारखंड में सहायक आचार्य के 7,299 पदों पर पारा शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विशेष प्रतियोगिता परीक्षा 31 जुलाई से ...और पढ़ें

झारखंड में 31 जुलाई से 30 अगस्त तक भरे जाएंगे ऑनलाइन आवेदन। (तस्वीर: सांकेतिक)

झारखंड में 31 जुलाई से 30 अगस्त तक भरे जाएंगे ऑनलाइन आवेदन। (तस्वीर: सांकेतिक)

HighLights

  1. 7,299 सहायक आचार्य पदों पर पारा शिक्षकों की नियुक्ति।

  2. आवेदन 31 जुलाई से 30 अगस्त तक भरे जाएंगे।

  3. सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर हो रही यह भर्ती।

राज्य ब्यूरो, रांची। सहायक आचार्य के 7,299 पदों पर पारा शिक्षकों (सहायक अध्यापकों) की नियुक्ति के लिए विशेष ’’झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटि) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026’’ आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता परीक्षा में सिर्फ अर्हता प्राप्त पारा शिक्षक भाग लेंगे।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से अधियाचना मिलने के बाद झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने बुधवार को 6,101 नियमित तथा 1,198 बैकलाग पदों पर नियुक्ति के लिए प्रतियोगिता परीक्षा की सूचना प्रकाशित कर दी।

आयोग द्वारा प्रकाशित सूचना के अनुसार, झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटि) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा - 2026 के लिए आनलाइन आवेदन 31 जुलाई से 30 अगस्त तक भरे जाएंगे। एक सितंबर की मध्य रात्रि तक परीक्षा शुल्क भुगतान तथा फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड कर आवेदन पत्र का प्रिंट आउट लेने के लिए तीन सितंबर तक लिंक उपलब्ध रहेगा।

पांच से सात सितंबर तक आनलाइन आवेदन में संशोधन हो सकेगा। नियमित एवं बैकलाग दोनों प्रतियोगिता परीक्षाओं में सम्मिलित होने के लिए एनसीटीई द्वारा तय अन्य योग्यता के साथ संबंधित कक्षाओं के लिए जेटेट उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।

हालांकि सीटेट अथवा झारखंड के पड़ोसी राज्यों द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा में उत्तीर्ण पारा शिक्षक भी इस परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे। ऐसे में नियुक्ति के बाद तीन वर्ष के अंदर एवं पहले उपलब्ध अवसर में जेटेट उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा।

बताते चलें कि यह नियुक्ति सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर हो रही है। शीर्ष न्यायालय ने राज्य सरकार को विशेष परीक्षाएं आयोजित कर पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित पदों पर नियुक्ति के निर्देश दिए हैं। सहायक आचार्य के 50 प्रतिशत पद पारा शिक्षकों के लिए आरक्षित हैं, जिनमें अधिसंख्य पद रिक्त हैं।

अधिकतम आयु सीमा में मिलेगी छूट

वैसे पारा शिक्षक जिनकी सेवा विज्ञापन प्रकाशन की तिथि को न्यूनतम एवं लगातार दो वर्ष की हो गई हो एवं विज्ञापन प्रकाशन की तिथि को कार्यरत हो, उन्हें संविदा कर्मी के रूप में कार्य करने की अवधि के बराबर अवधि तक अधिकतम उम्र सीमा में छूट दी जाएगी, जो कि अधिकतम उम्र 58 वर्ष तक मान्य होगा।

इतने पदों पर होगी नियुक्ति

नियमित नियुक्ति

  • इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य : 1,909
  • स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (भाषा) : 1,868
  • स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (सामाजिक विज्ञान) : 660
  • स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (विज्ञान एवं गणित) : 1,664

बैकलाॅग नियुक्ति

  • इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य : 847
  • स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (भाषा) : 19
  • स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (सामाजिक विज्ञान) : 248
  • स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (विज्ञान एवं गणित) : 84