Palamu Coronavirus Update: रांची में इलाज के दौरान पलामू के वृद्ध की कोरोना से मौत, 24 घंटे में 4 नए मरीज मिले
Palamu Coronavirus Update पलामू में सर्वाधिक 83299 लोगों की एंटीजन किट से जांच हुई है। 24 घंटे में 465 की जांच हुई। जिले में विभिन्न माध्यमाें से कोरोना की जांच कराने वालों की संख्या 1.34 लाख हो गई है।
पलामू, जासं। पलामू जिला अंतर्गत रेहला थाना क्षेत्र निवासी 75 वर्षीय वृद्ध की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई है। वृद्ध का इलाज रांची के निजी अस्पताल में हो रहा था। इलाज के दौरान ही मौत हो गई। 11 अक्टूबर को उन्होंने रांची के निजी लैब में अपनी कोरोना संक्रमण की जांच कराई थी। संक्रमित पाए जाने के बाद निजी अस्पताल में ही भर्ती हुए थे। रविवार को इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
पलामू में अब तक 14 कोरोना संक्रमित की मौत हो चुकी है। संक्रमण की रोकथाम के लिए युद्ध स्तर पर मेदिनीनगर समेत जिले भर में लोगों की जांच की गई। आरटीपीसीआर, रेपिड एंटीजन किट और ट्रू-नेट आदि माध्यमों से जिले भर में अब तक एक लाख 34 हजार 242 लोगों की कोरोना जांच हुई है। इसमें 2967 संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार सर्वाधिक रेपिड एंटीजन किट से 83 हजार 992 लोगों की जांच हुई। इसमें 1252 संक्रमित मिले।
इसी तरह आरटीपीसीआर से 36264 की जांच कराई गई तो 1296 संक्रमित व ट्रू नेट से 13959 लोगों ने कोरोना जांच कराई तो 392 संक्रमित मिले। पलामू के 27 लोगों ने रांची जाकर निजी लैब के माध्यम से कोरोना की जांच कराई। इसमें 17 लोग संक्रमित पाए गए थे। पलामू जिला अब कोरोना मुक्त होने की राह पर है। पिछले 24 घंटे में 465 संदिग्धों की जांच की गई तो महज चार संक्रमितों की पुष्टि हुई। पलामू में अब महज 63 सक्रिय कोरोना के मरीज इलाजरत हैं। शेष 2890 संक्रमितों ने कोरोना को मात दे दी है।
10 की रांची और चार संक्रमित की पलामू में हो चुकी है मौत
पलामू में अब तक 14 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। आंकड़ों के अनुसार पलामू के 27 लोगों ने रांची स्थित निजी लैब में कोरोना की जांच कराई थी। 17 संक्रमित पाए गए थे। वहां इलाज के दौरान 17 में से 10 संक्रमित की मौत हो चुकी है। इसी तरह अन्य चार मृतकों का इलाज पलामू में चल रहा था।