नेशनल एसजीएफआइ तीरंदाजी में झारखंड ओवरऑल चैंपियन
65वें राष्ट्रीय विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार जीत दर्ज की।
जागरण संवाददाता, रांची: 65वें राष्ट्रीय विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर ओवरऑल चैंपियनशिप के खिताब पर कब्जा जमाया। पिछले साल झारखंड की टीम तीसरे स्थान पर थी।
होटवार के एकलव्य तीरंदाजी सेंटर फॉर एक्सेलेंस में मंगलवार को संपन्न इस चैंपियनशिप में झारखंड की टीम ने 10 स्वर्ण, छह रजत व सात कांस्य पदक झटक कर पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर पंजाब की टीम रही। पंजाब की टीम ने पांच स्वर्ण, पांच रजत व एक कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। तीन स्वर्ण, तीन रजत व सात कांस्य पदक के साथ महाराष्ट्र की टीम तीसरे स्थान पर रही। मंगलवार को बालिका टीम चैंपियनशिप में झारखंड की ज्योति महतो, सानिया शर्मा, अग्नि कुमारी, लक्ष्मी हेंब्रोम ने शानदार प्रदर्शन कर 3725 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पर कब्जा किया। दूसरे स्थान पर पंजाब की ओर से सहज प्रीत कौर, अमनप्रीत कौर और अश्मित कौर व समीप कौर ने 3706 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रही। तीसरे स्थान पर हरियाणा की टीम रही। हरियाणा की कृति, श्वेता सिंह, हिमाशी व रिद्धि ने 3666 अंक लेकर कांस्य जीता। बालक रिकर्व टीम चैंपियनशिप में झारखंड ने स्वर्ण जीता। झारखंड की ओर से श्रेय भरद्वाज, कृष्णा स्वांसी, रामचंद्र हेम्ब्रोम, मौसम गगराई ने 3935 अंक प्राप्त किए। दूसरे स्थान पर पंजाब की टीम रही। पंजाब के विनायक वर्मा, आदित्य चौधरी, सिद्धात सूरी, गुरुप्रताप सिंह गिल ने 3911 अंक लेकर रजत व महाराष्ट्र की टीम 3907 अंकों के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रही। महाराष्ट्र की ओर से सिलेरे मारटंड बालाजी, सुमेध विजय,पवार साहिल जगताप ने अच्छा प्रदर्शन किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि खेल सचिव राहुल शर्मा ने पुरस्कार वितरण किया। अपने संबोधन में राहुल शर्मा ने झारखंड टीम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा देश भर से आए प्रतिभाशाली तीरंदाजों के बीच झारखंड के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। इस अवसर पर खेल निदेशक अनिल कुमार सिंह ने चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के साथ साथ मैनेजर व कोचों को बधाई दी। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों की प्रशंसा की। इस अवसर पर पूर्व ओलंपियन सिलवानस डुंगडुंग, मनोहर टोपनो, रीना कुमारी के अलावा जेएसएसपीएस के सीईओ बी चौधरी झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र दुबे, वुशु संघ के अध्यक्ष चंचल भट्टाचार्य, जेएसएसपीएस के मुकुल टोप्पो, खेल विभाग के ओएसडी प्रमुख शरण, खेल सलाहकार झारखंड खेल प्राधिकरण देवेंद्र कुमार सिंह, स्टेडियम मैनेजर शकर पाल कुंदन शाह आदि मौजूद थे