Move to Jagran APP

लालू यादव से मिले Ex CM हेमंत सोरेन, झारखंड विस चुनाव को ले पकी सियासी खिचड़ी

दो महीने बाद होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन की तैयारियों के बाबत नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने राजद सु्प्रीमो लालू प्रसाद से मिलकर आगे की रणनीति पर चर्चा की।

By Alok ShahiEdited By: Published: Sat, 10 Aug 2019 08:46 AM (IST)Updated: Sat, 10 Aug 2019 03:53 PM (IST)
लालू यादव से मिले Ex CM हेमंत सोरेन, झारखंड विस चुनाव को ले पकी सियासी खिचड़ी
लालू यादव से मिले Ex CM हेमंत सोरेन, झारखंड विस चुनाव को ले पकी सियासी खिचड़ी

रांची, जासं। रांची के रिम्‍स में इलाजरत राजद सुप्रीमो और चारा घोटाले के सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव से झारखंड के नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को मुलाकात की। अपने जन्‍मदिन के मौके पर उन्‍होंने एक अभिभावक के रूप में उनसे आशीर्वाद लिया। लालू यादव से मिलकर निकले नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि आज मेरा जन्मदिन है और लालू जी का आशीर्वाद भी मिला है। उन्होंने मुझे अपनी जीवनी पर लिखी एक किताब गोपालगंज से रायसीना भेंट की है। लालू की तबीयत पर कहा कि बहुत ज्‍यादा सुधार नहीं है।

loksabha election banner

हेमंत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मौजूदा राजनीति और झारखंड विधानसभा चुनाव पर भी लालू जी से लंबी बातचीत हुई। लालूजी ने महागठबंधन में रहकर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने की सलाह दी है ताकि राज्य में रघुवर दास की सरकार को शिकस्त दिया जा सके। भाजपा के खिलाफ वोटों का बिखराव रोकने के लिए वे विपक्षी गठबंधन के पक्षधर हैं। हाल के दिनों में बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव की भाजपा से नजदीकियों के सवाल को सीधे लहजे में खारिज करते हुए हेमंत ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है।


लोकसभा चुनावों में करारी हार के बाद से बिहार और देश की राजनीति से लापता चल रहे तेजस्‍वी यादव के इन दिनों दिल्ली में पार्टी राज्यसभा सदस्य मनोज झा के घर पर डेरा डालने और भाजपा से दोस्ती की कोशिश के जवाब में हेमंत सोरेन ने कहा कि पूरा विपक्ष एकजुट है। तेजस्वी बहुत जल्द झारखंड आएंगे। तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी से भी मेरी बात हुई है। उनकी जानकारी में बीजेपी से पींगें बढ़ने जैसा कुछ नहीं हो रहा है।

उपराष्‍ट्रपति वेंकैया नायडू द्वारा शनिवार को शुरू की गई रघुवर सरकार की महत्‍वाकांक्षी मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना पर हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के मालिकों को इस सरकार ने भिखारी बना दिया है। यह आशीर्वाद योजना नहीं खैरात योजना है। राज्य में किसानों की स्थिति बद से बदतर है। झारखंड को खैरात नहीं उसका अधिकार चाहिए। इसकी लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेंगे।

इससे पहले पूर्व मुख्‍यमंत्री हेमंत ने लालू प्रसाद यादव से झारखंड में दो महीने बाद होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी महागठबंधन की तैयारियों के बाबत लंबी चर्चा की। राजद के झारखंड प्रदेश अध्‍यक्ष अभय कुमार सिंह और बिहार के दरभंगा के विधायक ललित यादव ने भी लालू से मुलाकात की। अभय सिंह अपने साथ लालू प्रसाद यादव का फोटो और लालटेन का सिंबल लेकर यहां आए थे।



बताया गया कि शनिवार को लालू से मुलाकातियों का दिन होता है। पेइंग वार्ड में भर्ती लालू प्रसाद यादव से उनके तीन जानकार मिल सकते हैं। जेल प्रशासन के मुताबिक लालू से मिलनेवालों में हेमंत सोरेन, ललित यादव और अभय कुमार सिंह के नाम शामिल हैं। बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के खिलाफ चुनावी गोलबंदी को लेकर झामुमो एवं अन्‍य विपक्षी दलों की अब तक कोई राय नहीं बन सकी है। ऐसे में लालू प्रसाद यादव से मिलकर संभव है कि इस पर कोई फार्मूला तय किया जाए।

इधर बीते दिन झारखंड के कांग्रेस अध्‍यक्ष डॉ अजय कुमार के इस्‍तीफे के बाद कांग्रेस में अभी स्थिति साफ नहीं है। ऐसे में महागठबंधन की कवायद अभी जोर पकड़ेगी, इसमें संशय दिख रहा है। शनिवार को यहां लालू से मिलने वालों में राजद के प्रदेश अध्‍यक्ष अभय कुमार सिंह का नाम भी शामिल है।

कार्यकर्ताओं के बीच बंटी लालू की तस्वीर और लालटेन का प्रारूप
पूर्व केंद्रीय मंत्री व झारखंड के राजद प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा है कि आसन्न विधानसभा चुनाव  में राजद अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा। महागठबंधन में शामिल दलों के आपसी समन्वय से चुनाव लड़ा जाएगा। राजद अपने आधार वाले क्षेत्रों पर दावेदारी करेगा। शुक्रवार को प्रदेश राजद कार्यालय में सदस्यता अभियान की शुरुआत करने के बाद वे मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि राजद ने प्रति बूथ 10 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इनमें 30 महिलाएं होंगी।

इस बीच, प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने अभियान के पहले दिन पूरे राज्य में 15 हजार लोगों को राजद से जोड़े जाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा की 81 में से 45 सीटें ऐसी हैं, जहां महागठबंधन बिना राजद के सहयोग के नहीं जीत सकता। इस लिहाज से विपक्षी दलों के समक्ष वह अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेगा। इससे पूर्व अनिल यादव, गौरीशंकर यादव, रंजन यादव आदि के नेतृत्व में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने राजद की सदस्यता ग्रहण की। मौके पर कार्यकर्ताओं के बीच लालू की तस्वीर और लालटेन के प्रारूप बांटे गए।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.