झारखंड के नर्सिंग कॉलेजों में बंपर सीटें खाली: ANM, GNM और BSc नर्सिंग के लिए स्पेशल राउंड काउंसलिंग शुरू
झारखंड के नर्सिंग संस्थानों में एएनएम, जीएनएम और बीएससी नर्सिंग की बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गई हैं।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
झारखंड में एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग की सीटें खाली।
रिक्त सीटों के लिए स्पेशल राउंड काउंसिलिंग होगी आयोजित।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 18-20 अक्टूबर, नामांकन 23-25 अक्टूबर तक।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य के नर्सिंग संस्थानों में एएनएम, जीएनएम तथा बीएससी नर्सिंग में बड़ी संख्या में सीटें रिक्त रह गई हैं।
नामांकन के लिए झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद द्वारा तीन राउंड की काउंसिलिंग आयोजित किए जाने के बाद भी सीटें रिक्त रह गई हैं।
एक-दो संस्थान ही ऐसे हैं, जिनमें शत-प्रतिशत सीटें भरी हैं। बाकी संस्थानों में कुछ न कुछ सीटें रिक्त रह गईं हैं। कई निजी संस्थानों में तो 30-30 संख्या में सीटें नहीं भर सकी हैं।
पर्षद ने स्वास्थ्य विभाग की अनुशंसा पर अब इन सीटों को भरने के लिए स्पेशल राउंड की काउंसिलिंग कराने का निर्णय लिया है। इसे लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पर्षद ने शनिवार को संस्थानों में रिक्त रह गई उन सीटों का ब्योरा प्रकाशित कर दिया, जिनके विरुद्ध स्पेशल राउंड की काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।
पर्षद द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अभ्यर्थी ऑनलाइन काउंसिलिंग के माध्यम से 18 से 20 अक्टूबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन तथा विकल्पों को भरने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
अधिक से अधिक विकल्प भरने का सुझाव
अभ्यर्थियों को अधिक से अधिक विकल्प भरने का सुझाव दिया गया है। पर्षद द्वारा 22 अक्टूबर को औपबंधिक रूप से सीटों का आवंटन किया जाएगा। आवंटित संस्थानों में 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक नामांकन होगा।
स्पेशल राउंड की इस काउंसिलिंग में वैसे अभ्यर्थी भी सम्मिलित हो सकेंगे जो पूर्व में आवंटित संस्थान में नामांकन ले चुके हैं, लेकिन संस्थान में बदलाव करना चाहते हैं।
इस बार आवंटित संस्थान में उन्हें नामांकन लेना अनिवार्य होगा, क्योंकि पूर्व में जारी आवंटन स्वत: रद हो जाएगा। बीएससी नर्सिंग-बेसिक पाठ्यक्रम संचालित करने वाले 105 संस्थानों में कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रिम्स ही ऐसा संस्थान है, जहां एक भी सीट रिक्त नहीं है।
बाकी संस्थानों से एक से 30 की संख्या में सीटें रिक्त हैं। इसी तरह, बीएससी नर्सिंग- पोस्ट बेसिक पाठ्यक्रम में 24 संस्थानों में रूप सोना नर्सिंग कॉलेज, अनगड़ा में ही शत-प्रतिशत सीटें भरी हैं।
बाकी संस्थानों में तीन से 30 की संख्या में सीटें रिक्त हैं। वहीं, एएनएम पाठ्यक्रम संचालित करनेवाले 173 संस्थानों में प्रेझा फाउंडेशन द्वारा रांची और सरायकेला खरसावां में संचालित संस्थानाें में ही शत-प्रतिशत सीटें भर पाई हैं।
इसी तरह, जीएनएम पाठ्यक्रम संचालित करनेवाले 195 संस्थानों में बोकारो जेनरल हॉस्पिटल के स्कूल आफ नर्सिंग में ही शत-प्रतिशत सीटें भर पाई हैं। शेष संस्थानों में एक से 45 की संख्या में सीटें रिक्त हैं।
यह भी पढ़ें- झारखंड की जेलों में होगी क्लर्क की भर्ती, 12वीं पास और डिप्लोमा वालों के लिए मौका
