Move to Jagran APP

नितिन गडकरी ने 31 सड़क परियोजनाओं का किया शिलान्यास, बोले- 2024 के बाद अमेरिका जैसी चमकेगी झारखंड की सड़कें

केंद्रीय मंत्री ने गुरूवार को कुल 13200 करोड़ से अधिक की 31 सड़क परियोजनाओं का उद्धाटन एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि रांची में एक और ग्रीन फील्ड रिंग रोड का निर्माण पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से होगा। यह फोरलेन सड़क कुल 194 किमी की होगी।

By Neeraj AmbasthaEdited By: Mohit TripathiPublished: Thu, 23 Mar 2023 11:45 PM (IST)Updated: Thu, 23 Mar 2023 11:45 PM (IST)
नितिन गडकरी ने 31 सड़क परियोजनाओं का किया शिलान्यास, बोले- 2024 के बाद अमेरिका जैसी चमकेगी झारखंड की सड़कें
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने 13,200 करोड़ से अधिक की 31 सड़क परियोजनाओं का किया शिलान्यास।

राज्य ब्यूरो, रांची: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि वर्ष 2024 के बाद झारखंड चमकेगा। यहां की सड़कों को अमेरिका की सड़कों के बराबर बनाना है। इससे यहां उद्योगों का विकास होगा। किसानों के उत्पादों को अच्छे दाम मिलेंगे।

loksabha election banner

एक और रिंग रोड का होगा निर्माण

उन्होंने कहा कि रांची में एक और ग्रीन फील्ड रिंग रोड का निर्माण पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से होगा। यह फोरलेन सड़क कुल 194 किमी की होगी। इसके लिए डीपीआर बनाने के निर्देश एनएचएआई के अधिकारियों को दिए गए हैं।

13200 करोड़ से अधिक परियोजनाओं का किया शिलान्यास

केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को धुर्वा में पुरानी विधानसभा मैदान में विभिन्न सड़कों के उद्घाटन एवं शिलान्यास को लेकर आयोजित कार्यक्रम में ये घोषणाएं कीं। केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर कुल 13,200 करोड़ से अधिक की 31 सड़क परियोजनाओं का उद्धाटन एवं शिलान्यास किया।

इनमें 9,400 करोड़ से अधिक निवेश की 21 परियोजनाओं का उद्धघाटन एवं शिलान्यास रांची से किया। शेष परियोजनाओं का शिलान्यास उन्होंने गुरुवार को ही जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम से किया।

तीन घंटे में पहुंचेंगे रांची से वाराणसी

रांची में आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि ऐसी सड़क का निर्माण करेंगे, जिससे रांची से वाराणसी तीन घंटे में पहुंचा जा सकेगा।

देश में पहली बार डबल डेकर सड़क झारखंड में बन रही है। पहली सड़क रांची में तो दूसरी जमशेदपुर में बन रही है। कहा, अभी यह ट्रेलर है, फिल्म शुरू होनी बाकी है।

2024 के अंत तक एक लाख करोड़ रुपये के रोड का तैयार होगा इंफ्रास्ट्रक्चर

उन्होंने कई नई सड़कों और आरोबी के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 2024 समाप्त होने तक दो लाख करोड़ रुपये का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर दिखाना है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग की कई सड़कों के बनने से कई शहरों में हवाई जहाज की सेवा बंद हो गई, क्योंकि लोग सड़क मार्ग से ही बहुत कम समय में गंतव्य पर पहुंचने लगे।

हवा में चलेगी बस, झारखंड सरकार दे प्रस्ताव

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार हवा में उड़ने वाली बस’ यानी कि ‘एरियल ट्राम-वे’ पर काम कर रही है। उन्होंने बेंगलुरू की तरह झारखंड में भी इस परियोजना शुरू करने की बात कहते हुए राज्य सरकार से इसे लेकर प्रस्ताव देने को कहा। उन्होंने बताया कि इसे लेकर कई राज्यों से कुल 207 प्रस्ताव आए हैं।

किसान कहेंगे, इतना टन बिटुमिन का किया उत्पादन

गडकरी ने कहा कि देश के किसान अन्नदाता हैं। उन्हें ऊर्जादाता बनाना है। किसान बायोमास से बिटुमिन बना सकते हैं। केंद्र सरकार सड़कों के निर्माण के लिए उनसे बिटुमिन खरीदेगी।

उन्होंने कहा कि देश में सड़कों के निर्माण में 80 लाख टन बिटुमिन प्रत्येक वर्ष खर्च होता है। इसमें 50 लाख टन का उत्पादन हम करते हैं तथा शेष आयात करना पड़ता है।

किसान बिटुमिन का उत्पादन कर सकें, इसपर काम चल रहा है। किसान अभी तक कहते थे कि इतना टन अनाज का उत्पादन किया अब यह भी कहेंगे कि इतना टन बिटुमिन का उत्पादन किया।

रिंगरोड से सात जिलों के लोगों को भी लाभ

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रांची में बननेवाले ग्रीन फील्ड रिंग रोड से राज्य के सात जिलों के लोगों को भी लाभ होा। इनमें रांची के अलावा हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रामगढ़ आदि शामिल हैं। उन्होंने बासुकीनाथ रोड के चौड़ीकरण की भी घोषणा की।

मंत्री ने प्रोटाकाल का पालन नहीं होने का लगाया आरोप, बनाई दूरी

राज्य सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम में प्रोटाकाल का अनुपालन नहीं होने का आरोप लगाया। इसे लेकर उन्होंने कार्यक्रम से दूरी बनाई रखी।

राज्य सरकार की ओर से इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथिलेश ठाकुर को नामित किया गया था लेकिन वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

मंत्री ने कहा है कि स्थानीय भाजपा नेताओं द्वारा यह जानबूझकर की गई साजिश है। उन्होंने बताया कि स्थानीय भाजपा नेताओं ने राज्य और केंद्र की दूरी को बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसा कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि उन्हें खेद है कि वह इस कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हो पाए। हालांकि मंत्री ने कार्यक्रम खत्म होने के बाद नितिन गडकरी को बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पहुंचकर उन्हें विदा किया। इस क्रम में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बुके, मोमेंटम और शाल देकर सम्मानित किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.