रांची के हिंदपीढ़ी में 23 हजार लीटर क्षमता के जलमीनार का शिलान्यास Ranchi News
Jharkhand News जलमीनार बन जाने से इलाके के 15000 घरों को पानी मिलेगा। अभी यहां के लोग भीषण पेयजल संकट का सामना करते हैं। इसमें अमन यूथ सोसाइटी के अध्यक्ष अफरोज आलम और सोसाइटी के सभी सदस्यों सहित नईम अख्तर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रांची, जासं। राजधानी रांची में हिंदपीढ़ी नदी ग्राउंड मैदान के पास गुरुवार को जलमीनार की आधारशिला रखी गई। वार्ड 22 की पार्षद नाजिया असलम और वार्ड 25 के पूर्व वार्ड पार्षद मो. असलम ने आधारशिला रखी। इस जलमीनार की क्षमता 23000 लीटर है। इससे हिंदपीढ़ी और उसके आसपास के इलाकों के तकरीबन 15000 घरों को पेयजल नसीब होगा।
इस मौके पर वार्ड पार्षद नाजिया असलम ने कहा कि हिंदपीढ़ी वासियों को पेयजल के लिए काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। मां-बहनों को अपने दूध पीते बच्चों को घर में छोड़ कर पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। घर के मर्द अपना हर कार्य छोड़ कर पानी लाने में व्यस्त हो जाते हैं। इस व्यथा को समझते हुए पूर्व वार्ड पार्षद मो. असलम ने हिंदपीढ़ी में जलमीनार बनवाने का निश्चय किया।
उन्होंने इसके लिए काफी प्रयास किया। अब यह योजना धरातल पर उतरने जा रही है। बहुप्रतीक्षित जलमीनार का ख्वाब शीघ्र पूरा होगा। उन्होंने कहा कि इलाके के लोग वर्षों से भीषण जल संकट से जूझते रहे हैं। इस पहल से सभी ने राहत महसूस की है। बढ़ती आबादी के लिहाज से इस जलमीनार की सख्त जरूरत थी।
इस नेक कार्य में अमन यूथ सोसाइटी के अध्यक्ष अफरोज आलम और सोसाइटी के सभी सदस्यों सहित नईम अख्तर का महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो नेता समनुर मंसूरी, नईम अख्तर, आलम, नदीम इकबाल, दीपू गाड़ी, भाजपा नेता मो. एजाज, आरजू आलम, मो. एहसान, मो. अशरफ, अफरोज खान, मो. लड्डन व नेसार मौजूद थे।