Move to Jagran APP

क्‍या, झारखंड में कुछ बड़ा होने वाला है... रघुवर दास ने हेमंत सोरेन पर किया खास इशारा, कह दी बड़ी बात...

Jharkhand News झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन को तथा‍कथित आदिवासी नेता बता चुके पूर्व मुख्‍यमंत्री और भाजपा के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष रघुवर दास ने एक बार फिर से उनपर निशाना साधा है। ट्विटर पर बड़ा हमला बोलते हुए रघुवर ने हेमंत सोरेन को अक्षम और अयोग्‍य बताया है।

By Alok ShahiEdited By: Published: Fri, 01 Jul 2022 06:55 AM (IST)Updated: Fri, 01 Jul 2022 11:42 AM (IST)
क्‍या, झारखंड में कुछ बड़ा होने वाला है... रघुवर दास ने हेमंत सोरेन पर किया खास इशारा, कह दी बड़ी बात...
Jharkhand News: झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मुख्‍यमंत्री रघुवर दास।

रांची, जेएनएन। Jharkhand News: झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन को तथा‍कथित आदिवासी नेता बता चुके पूर्व मुख्‍यमंत्री और भाजपा के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष रघुवर दास ने एक बार फिर से उनपर बड़ा हमला बोला है। ट्विटर पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने हेमंत सोरेन को अक्षम और अयोग्‍य मुख्‍यमंत्री बताया है। रघुवर दास ने राष्‍ट्रपति चुनाव 2022 में एनडीए उम्‍मीदवार झारखंड की पूर्व राज्‍यपाल आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू या फिर संयुक्‍त विपक्ष के उम्‍मीदवार यशवंत सिन्‍हा को समर्थन देने के मसले पर झामुमो में कंफ्यूजन पर लिखा-  मैं शुरू से कहता रहा हूं कि हेमंत सोरेन सरकार अक्षम है। निर्णय लेने की क्षमता नहीं है हेमंत सोरेन में। अब राष्ट्रपति पद के चुनाव में भी वे निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। उनके इसी लटकाने, अटकाने और भटकाने वाले व्यवहार का खामियाजा झारखंड भुगत रहा है।

loksabha election banner

एक और ट्वीट में रघुवर दास ने महाराष्ट्र में एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए एकनाथ शिंदे और उप मुख्‍यमंत्री देवेंद्र फडनवीस को बधाई दी है। उम्‍मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में महाराष्ट्र की डबल इंजन सरकार विकास के नए आयाम गढ़ेगी। इधर, मणिपुर में आर्मी कैंप के पास हुए भूस्खलन में सेना के जवानों के हताहत होने पर कहा कि अत्यंत हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान व घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है।

बीते दिन जैक, झारखंड बोर्ड के इंटर रिजल्‍ट पर भी रघुवर ने ट्वीट किया। लिखा- झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 12वीं आर्ट्स और कॉमर्स का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में उत्तीर्ण हुए सभी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं। जो छात्र इस परीक्षा में असफल हुए हैं, उन्हें मायूस नहीं होना है। अगली बार और अच्छी तैयारी के साथ परीक्षा दें।

अनर्गल बयानबाजी न करें बंधु तिर्की, जमीन दलालों के नाम बताएं : आदित्य साहू

कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की द्वारा हाल ही में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी पर लगाए गए आरोपों से नाराज भाजपा ने कांग्रेस नेता को चुनौती दी है कि वे जमीन दलालों के नाम बताए। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू ने स्पष्ट कहा कि बंधु तिर्की अनर्गल बयानबाजी न करें और जमीन दलालों के नाम बताएं।

आदित्य साहू ने कहा कि बाबूलाल मरांडी राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री रहे हैं, उनकी बेदाग छवि रही है। वहीं, बंधु तिर्की को कोर्ट ने भ्रष्टाचार का दोषी पाया जिसके कारण उनकी सदस्यता चली गई और मांडर में उपचुनाव कराना पड़ा। अच्छा होता यदि बंधु तिर्की जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखते। प्रशासन के संरक्षण में जमीन की अवैध बाउंड्री कराई जा रही है। पुंदाग सहित अनेक स्थानों पर जमीन की लूट हो रही है और बंधु तिर्की चुप्पी साधे हुए हैं। लोकतंत्र लोक-लाज से चलता है लेकिन ऐसे लोगों को इन चीजों से कोई लेना-देना नहीं है। प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, शिवपूजन पाठक, अशोक बड़ाईक भी उपस्थित थे।

हूल दिवस पर भाजपा ने सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलों झानों को किया याद

हूल दिवस पर भाजपा ने झारखंड के अमर शहीद सिदो-कान्हू, चांद भैरव और फूलो झानों को याद किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को सिदो-कान्हू की चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने संताल विद्रोह के नायकों को नमन करते हुए कहा कि झारखंड के वीर सपूतों ने हूल क्रांति कर अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिला दी थी। यह विशेष दिन स्वाधीनता संग्राम में अंग्रेजों के छक्के छुड़ाने वाले आदिवासियों की संघर्ष गाथा और उनके बलिदान को याद करने का है। श्रद्धांजलि देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, शिवपूजन पाठक, अशोक बड़ाईक, भूपेंद्र सिंह, भोगेन सोरेन, सूरज शाहदेव सहित कई शामिल थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.