Move to Jagran APP

Jharkhand News: रामगढ़ में खबरों का बाजार गर्म, विधानसभा उपचुनाव में आजसू को समर्थन करेगी भाजपा

रामगढ़ में विधानसभा उपचुनाव को लेकर खबरों का बाजार गर्म है। महागठबंधन और भाजपा चुनावों के लिए जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हुई है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक रामगढ़ विधानसभा सीट पर इस बार भाजपा आजसू प्रत्याशी का समर्थन करने वाली है।

By Mohit TripathiEdited By: Mohit TripathiThu, 26 Jan 2023 01:16 AM (IST)
Jharkhand News: रामगढ़ में खबरों का बाजार गर्म, विधानसभा उपचुनाव में आजसू को समर्थन करेगी भाजपा
यह तय मानिए कि एनडीए फोल्डर के तहत ही आजसू रामगढ़ उपचुनाव लड़ेगी : चंद्रप्रकाश चौधरी

रामगढ़, तरुण बागी: रामगढ़ में विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा के भीतरखाने से आ रही खबरों के मुताबिक रामगढ़ उपचुनाव में भाजपा आजसू का समर्थन करने वाली है। हालांकि अभी तक इसे लेकर भाजपा ने आधिकारिक घोषणा नहीं की है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि आजसू को समर्थन देने के लिए लगभग सबकुछ तय हो गया है।

महागठबंधन को झटका देने की तैयारी में भाजपा

सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक 27 फरवरी को होने वाले रामगढ़ उपचुनाव में आजसू और भाजपा का गठबंधन होगा। दोनों दलों की कोशिश होगी कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले होने जा रहे उपचुनाव को जीतकर हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सत्ताधारी महागठबंधन को झटका दिया जाए।

आजसू और भाजपा में सीट को लेकर डील तय

सूत्रों ने बताया कि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व और आजसू के बीच रामगढ़ उपचुनाव को लेकर गठबंधन की बात पक्की हो गई है। 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद रामगढ़ उपचुनाव झारखंड का पांचवां उपचुनाव है। इससे पहले दुमका, मधुपुर, बेरमो और मांडर में उपचुनाव हो चुका है। चारों जगहों पर आजसू ने भाजपा का समर्थन किया था। हालांकि भाजपा के चारों प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा था।

2019 विधानसभा चुनाव में दूसरे नंबर पर रहीं थी आजसू प्रत्याशी

चार उपचुनाव में समर्थन के बाद आजसू अब रामगढ़ में अपने प्रत्याशी के लिए भाजपा का समर्थन चाहती है। बता दें कि 2019 के चुनाव में आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी दूसरे नबंर पर थीं। इन आंकड़ों के आधार पर आजसू ने भाजपा के सामने रामगढ़ विधानसभा सीट पर अपना दावा ठोका है। भाजपा का प्रदेश नेतृत्व ने भी इस पर सहमति जताई है।

गिरिडीह सांसद ने कहा, आजसू लड़ेगी उपचुनाव

इस बाबत पूछने पर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि समय पर इस पर निर्णय लिया जाएगा। यह तय मानिए कि एनडीए गठबंधन के तहत ही आजसू रामगढ़ उपचुनाव लड़ेगी। सूत्रों ने बताया कि रामगढ़ उपचुनाव में भाजपा हर हाल में कांग्रेस-झामुमो गठबंधन प्रत्याशी को हराना चाहती है।

आगामी लोकसभा चुनावों के लिए माहौल बनाना चाहती है बीजेपी

यह उपचुनाव लोकसभा चुनाव 2024 से पहले हो रहा है। इस उपचुनाव में महागठबंधन की हार पर भाजपा राज्य में लोकसभा चुनाव से पहले हेमंत सरकार के खिलाफ माहौल बनाना चाहती है। इसी कारण वह रामगढ़ में अपना प्रत्याशी उतारेगी।