झारखंड के ये 5 डेस्टिनेशन दे रहे हैं सबसे 'सेफ और सुंदर' विजुअल्स, सीएम हेमंत सोरेन भी प्राकृतिक सौंदर्य देखने पहुंचे जोन्हा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जोन्हा जलप्रपात का दौरा कर झारखंड के मानसून पर्यटन को बढ़ावा दिया, इसे सुरक्षित और मनमोहक बताया। राज्य सरकार मानसून टूरिज्म को हब बनाने पर काम कर रही है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
HighLights
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जोन्हा जलप्रपात से किया सैलानियों को आमंत्रित।
झारखंड का मानसून पर्यटन सुरक्षित, हिमाचल-उत्तराखंड से अलग।
मानसून टूरिज्म से स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। मानसून में झारखंड की प्राकृतिक छटा और निखर जाती है। यहां की नदियां, झरने, पहाड़ प्रदेश सैलानियों के लिए खास आकर्षण के केंद्र बन जाते हैं। झारखंड इस बार भी मानसून टूरिज्म के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अपनी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन के साथ रविवार को रांची से सटे जोन्हा जलप्रपात देखने पहुंचे।
सेल्फ ड्राइव कर जोन्हा जाते मुख्यमंत्री ने रास्ते की हरियाली का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया। इसमें प्रकृति से झारखंड को मिले अनुपम उपहार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां जंगल जीवन है, झरने संगीत हैं, हरियाली की गोद में बसा झारखंड अद्वितीय है। मुख्यमंत्री ने देशभर के सैलानियों का झारखंड की धरती पर स्वागत किया।
इधर, पर्यटन विभाग राज्य को मानसून टूरिज्म का हब बनाने पर काम कर रहा है। झारखंड के पहाड़ों में बरसात के समय भूस्खलन का खतरा नहीं रहता है। यहां के जलप्रपात में मानसून की बारिश से जो अथाह जलराशि आती है, वह अलौकिक सौंदर्य प्रस्तुत करती है।
जबकि देश के दूसरे पर्यटक स्थल हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के समय पहाड़ों पर मिट्टी धंसने की घटनाएं होती हैं। वहां रास्ते अवरुद्ध हो जाते हैं जबकि जुलाई से अक्टूबर तक झारखंड के रास्ते हरियाली से भर जाते हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य के इन्हीं सुरक्षित पर्यटन की संभावनाओं को देश के सामने रखा है।
संताल परगना से नेतहराट तक फैला है मानसून टूरिज्म
देवघर में त्रिकुट की पहाड़ी से लातेहार जिले के नेतरहाट तक मानसून में सेफ टूरिज्म कराने की योजना है। इसके अलावा चतरा के जलप्रपात, रामगढ़ में रजरप्पा के पास भैरवी और दामोदर नदी का संगम, रांची के जोन्हा जैसे स्थल पर मानसून टूरिज्म का सौंदर्य देखने के लिए देशभर से लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। सात करोड़ की राशि खर्च कर इन स्थलों पर पेयजल और एप्रोच रोड को बरसात में भी चालू रखने की योजना बनाई गई है।
मुख्यमंत्री झारखंड के पर्यटन को लेकर लगातार कर रहे री-पोस्ट
पर्यटन विभाग झारखंड में मानसून टूरिज्म की विशेषताओं को लेकर लगातार इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर रहा है। मुख्यमंत्री उसे री-पोस्ट कर रहे हैं। एक पोस्ट में कहा गया कि जब मानसून आता है, तो झारखंड धुंध भरी पहाड़ियों, गरजते झरनों, हरे-भरे जंगलों और शांत घाटियों के एक खूबसूरत नज़ारे में बदल जाता है।
पर्यटकों से पूछा गया कि वे सबसे पहले किस डेस्टिनेशन पर जा रहे हैं? एक अन्य पोस्ट में लिखा गया कि रांची में मानसून सिर्फ़ एक मौसम नहीं है- यह एक सिम्फनी है। जैसे-जैसे जंगल हरे-भरे होते हैं और झरने अपनी आवाज़ पाते हैं, हर घुमावदार सड़क कुदरत की बनाई धुन की ओर ले जाती है। आइए, इस मानसून में रांची के शानदार झरनों का संगीत सुनें।
मानसून में रोजगार के वैकल्पिक रास्ते खुलेंगे
बरसात के समय कृषि कार्य के अलावा दूसरे काम बंद रहते हैं। ऐसे में पर्यटक गतिविधियां रहने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक उन्नति का रास्ता खुलेगा। युवाओं को पर्यटक मित्र बनाकर उन्हें रोजगार दिलाया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों को नया बाजार भी मिलेगा।

बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
बरसात के समय पर्यटकों के आने से राज्य के इन स्थलों पर लोगों की आजीविका के नए साधन खुलेंगे। पर्यटन विभाग इसके अलावा स्थानीय स्तर पर होने वाले वनोत्पाद की खरीद बिक्री के लिए केंद्र भी बनाएगा।
यहां राज्य की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प के सामान की बिक्री होगी। युवाओं को पर्यटक मित्र बनाकर उनके लिए रोजगार के अवसर बनाए जाएंगे। बारिश के मौसम में कृषि के अलावा बाकी कार्य नहीं होते हैं। मानसून टूरिज्म के जरिए राज्य में करीब दो हजार नए रोजगार के अवसर बनाए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।