झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र कल से, JPSC-JSSC, NEET और अनुपूरक बजट पर घमासान के आसार
झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से शुरू होगा, जिसके हंगामेदार रहने की संभावना है। विपक्ष जेपीएससी व कानून-व्यवस्था पर, ...और पढ़ें

झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र की तैयारियों को लेकर सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन हुए सम्मिलित।
HighLights
विपक्ष जेपीएससी व कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरेगा।
सत्ता पक्ष नीट पेपर लीक व केंद्रीय फंडों पर पलटवार करेगा।
सत्र में अनुपूरक बजट और कई विधेयक पेश होंगे।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार को शुरू होगा। इस बार पूरा सत्र हंगामेदार होने की संभावना है। इस दौरान विपक्ष खासकर भाजपा जेपीएससी एवं जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी से लेकर विधि व्यवस्था एवं अन्य मुद्दों पर राज्य सरकार पर हमलावर हो सकती है।
वहीं, सत्ता पक्ष नीट पेपर लीक प्रकरण को अपना हथियार बना सकता है। सत्ता पक्ष केंद्र से बार-बार पत्राचार के बाद भी छात्रवृत्ति तथा जल जीवन मिशन की राशि नहीं मिलने को लेकर विपक्ष पर पलटवार भी कर सकता है।
विधानसभा का यह सत्र 12 अगस्त तक चलेगा। पांच दिनों के कार्य दिवस वाले सत्र के पहले दिन गुरुवार को सामान्य कामकाज ही निपटाए जाएंगे। शोक प्रस्ताव के अलावा बजट सत्र के दौरान सरकार के आश्वासनों पर हुई कार्रवाई से संबंधित एक्शन टेकेन रिपोर्ट (एटीआर) पेश की जाएगी।
पहले दिन विपक्ष सदन के बाहर जेपीएससी मामले को लेकर प्रदर्शन कर सकता है। सदन के अंदर इसकी संभावना नहीं है। शुक्रवार से विपक्ष सदन के बाहर और भीतर इस मुद्दे को उठा सकता है।
इधर, मानसून सत्र को लेकर बुधवार को दोनों पक्षों के विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सदन में बातों को रखने को लेकर रणनीतियां बनाई गईं। विधायकाें को तार्किक ढंग से बातों को रखने तथा सदन में उपस्थिति पर जोर दिया गया।
मनरेगा और जल जीवन मिशन पर रखी जाएगी सीएजी की रिपोर्ट
इस सत्र के दौरान प्रश्नकाल, अनुपूरक बजट पर वाद-विवाद के अलावा प्रधान महालेखाकार तथा विधानसभा समितियों की रिपोर्ट भी पटल पर रखी जाएगी। भारत के नियंत्रक महालेखापरीक्षक का झारखंड में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना के कार्यान्वयन और झारखंड में जल जीवन मिशन के कार्यान्वयन पर रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएगी।
इस सत्र में लगभग आधा दर्जन विधेयक भी पेश किए जा सकते हैं। उनमें झारखंड निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक, 2026 आदि सम्मिलित हैं।
मानसून सत्र में कब क्या होगा?
- 06 अगस्त : शोक प्रकाश, राज्यपाल द्वारा स्वीकृत विधेयकों की दी जाएगी सदन को जानकारी।
- 07 अगस्त : पहली पाली में प्रश्नकाल के बाद चालू वित्तीय वर्ष का पहला अनुपूरक बजट होगा पेश।
- 10 अगस्त : पहली पाली में प्रश्नकाल तथा दूसरी पाली में अनुपूरक बजट पर वाद-विवाद के बाद संबंधित विनियोग विधेयक पारित कराया जाएगा।
- 11 अगस्त : पहली पाली में प्रश्नकाल तथा दूसरी पाली में राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे।
- 12 अगस्त : पहली पाली में प्रश्नकाल तथा दूसरी पाली में राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे तथा गैर सरकारी संकल्प पेश किए जाएंगे।
