झारखंड में 28 अगस्त तक जारी रहेगा मानसून का असर, रांची सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
पश्चिमी बंगाल और उत्तरी ओडिशा के पास बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड में 28 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे राज्यभर में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने दक्षिणी और मध्य भागों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें रांची सहित 13 जिले शामिल हैं।

सबसे अधिक वर्षापात 97 मिमी पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में रिकार्ड किया गया।
HighLights
झारखंड में 28 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून।
दक्षिणी और मध्य जिलों में भारी वर्षा का येलो अलर्ट।
रांची सहित 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश।
जागरण संवाददाता, रांची। रांची समेत पूरे राज्य में सक्रिय मानसून का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि पश्चिमी बंगाल और उत्तरी ओडिशा, झारखंड तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
जिस कारण अगले 24 घंटों के दौरान यह प्रणाली झारखंड और उत्तरी ओडिशा से होते हुए उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इससे राज्य के सभी हिस्सों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।
विशेषकर राज्य के दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरखावां के अलावा निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में कहीं कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।
इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि पूरे राज्य में 28 अगस्त तक पूरे राज्य में बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि 25 से 28 अगस्त तक सामान्यत: आसमान में बादल छाए रहेंगे और राज्य के लगभग सभी स्थानों हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा या मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है।
बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम-मध्य क्षेत्रों तथा पश्चिम बंगाल तथा उससे सटे ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली और 60 किमी प्रति घंटे तक के झोंकों वाली तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।
उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर 24 अगस्त तक समुद्री हालात काफी खराब रहने की संभावना है। इस सर्कुलेशन का असर झारखंड के सभी जिलों में देखने को मिलेगा।
वहीं, पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य के लगभग सभी हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई जबकि कहीं कहीं भारी वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षापात 97 मिमी पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में रिकार्ड किया गया।
वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस गुमला में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस लातेहार मे रिकार्ड किया गया।
वहीं, रांची का अधिकतम 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सोमवार को भी रूक रूककर हुई वर्षा ने शहरवासियों की परेशानी बढ़ा दी। यद्यपि, तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिली।
ऐसा रहेगा रांची और आसपास का मौसम
- 25 अगस्त : अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस
- 26 अगस्त : अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस
- 27 अगस्त : अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस
- 28 अगस्त : अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।