खदान की जमीन पर उपकर रुका तो बंद हो सकती है मईयां सम्मान योजना; झारखंड को सालाना 13 हजार करोड़ का नुकसान
झारखंड में खदान की जमीन पर उपकर वसूली रुकने से मईयां सम्मान योजना बंद होने की नौबत आ सकती है, जिससे 50 लाख से अधिक महिलाओं को मिलने वाली मासिक सहायता पर संकट गहरा जाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)
HighLights
50 लाख महिलाओं को मिलने वाली सहायता रुकने का खतरा।
योजना रुकने के कारण अन्य कल्याणकारी योजनाएं भी प्रभावित होंगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में खदान की जमीन पर उपकर (सेस) वसूली पर रोक लगी तो मईयां सम्मान योजना बंद होने की नौबत आ सकती है।
पहले से ही वित्तीय दबाव से जूझ रही सरकार के सामने इस योजना का संचालन ठप पड़ने का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा, जिसके तहत 50 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में हर माह 2500 रुपये भेजे जाने हैं।
खान व भूतत्व विभाग के आकलन के अनुसार, यदि एमएमडीआर संशोधन एक्ट प्रभावी हुआ तो झारखंड को सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये की राजस्व क्षति उठानी पड़ेगी।
योजनाओं के भुगतान पर पहले से ही दबाव
मईयां सम्मान योजना के लिए प्रत्येक महीने 1250 करोड़ रुपये और सालाना करीब 15 हजार करोड़ रुपये की आवश्यकता होती है।
जमीनी स्थिति यह है कि फिलहाल पूरे राज्य की महिलाओं को एक साथ राशि नहीं मिल पा रही है, कभी चार जिलों तो कभी पांच जिलों में राशि भेजी जा रही है और सभी महिलाओं को एकमुश्त तय तिथि पर भुगतान करने में वित्तीय अड़चनें आ रही हैं।
इसके अलावा सर्वजन पेंशन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं का भुगतान भी पीछे चल रहा है। ऐसे में उपकर की वसूली रुकने से जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाना और भी कठिन हो जाएगा।
उपकर वसूली के आंकड़े और लक्ष्य
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्तीय वर्ष में 19 नवंबर तक केवल खदान की जमीन के उपकर से 7628.75 करोड़ रुपये की राजस्व उगाही हो चुकी है।
जबकि अगले वित्तीय वर्ष में 13215 करोड़ रुपये की सेस वसूली का लक्ष्य रखा गया है। वित्तीय वर्ष के अनुसार सेस उगाही की स्थिति यह रही है:
- अक्टूबर 2024-25: 1373.66 करोड़ रुपये
- 2025-26: 7489.73 करोड़ रुपये
- 2026-27 (19 नवंबर तक): 7628.75 करोड़ रुपये
खनिजवार वसूली और केंद्र से 1.36 लाख करोड़ का दावा
अब तक विभिन्न खनिजों से हुई सेस वसूली में कोयला से 14144.71 करोड़ रुपये, लौह अयस्क से 2037.63 करोड़ रुपये, यूरेनियम से 20.40 करोड़ रुपये और तांबा से 14.46 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं।
दूसरी ओर, राज्य सरकार केंद्र के सार्वजनिक उपक्रमों व खनन कंपनियों पर 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाया का दावा करती रही है।
इसमें 1.01 लाख करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण व मुआवजा, 32 हजार करोड़ रुपये अन्य मदों और 2900 करोड़ रुपये धुले कोयले की रॉयल्टी के शामिल हैं, हालांकि केंद्र सरकार इस दावे को खारिज करती रही है।