झारखंड में खनिज पर शुरू हुआ विवाद अब सीएनटी-एसपीटी जमीन तक पहुंचा, विधानसभा में गूंजेगा जल-जंगल-जमीन का नारा
झारखंड में खनिज अधिकारों को लेकर विवाद गहरा गया है, जो अब सीएनटी और एसपीटी अधिनियमों के तहत आने वाली जमीन तक पहुंच गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)
HighLights
MMDR संशोधन से झारखंड में खनिज उपकर अधिकार प्रभावित।
राज्य सरकार के भूमि अधिकार पर केंद्र से टकराव बढ़ा।
अश्विनी रघुवंशी, रांची। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम यानी एमएमडीआर एक्ट के कुछ प्रावधानों में किए गए संशोधन के बाद झारखंड में खनिज अधिकारों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब और गहराता जा रहा है।
प्रारंभिक कानूनी चर्चाओं से आगे बढ़ते हुए यह मुद्दा अब छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (सीएनटी) और संताल परगना काश्तकारी अधिनियम (एसपीटी) के दायरे में आने वाली जमीन तक जा पहुंचा है।
जिस भूमि के नीचे खनिज भंडार मौजूद हैं, उसके लिए झारखंड सरकार ने विधानसभा से झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर अधिनियम 2024 पारित कराया था।
इस कानून के तहत कोयला समेत अन्य खनिजों पर प्रति टन की दर से उपकर (सेस) वसूलने की व्यवस्था की गई, जो खनन कंपनियों या पट्टेदारों से ली जाती है।
अब एमएमडीआर संशोधन के बाद आइएनडीआइए गठबंधन के विधायकों ने तीखा विरोध जताते हुए आरोप लगाया है कि खनिज के साथ-साथ झारखंडवासियों से जमीन का अधिकार भी छीना जा रहा है।
सत्ता पक्ष के नेताओं का कहना है कि जिस जल, जंगल और जमीन के सवाल पर झारखंड आंदोलन लड़ा गया था, वही नारा अब विधानसभा में भी सुनाई देगा।
ऐसे शुरू हुआ सेस लगाने और रोकने का घटनाक्रम
इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि वर्ष 2024 के उच्चतम न्यायालय के फैसले से जुड़ी है। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट किया था कि खनिज संपदा वाली जमीन पर कर या सेस लगाने का संवैधानिक अधिकार राज्य सरकारों के पास है, क्योंकि भूमि का विषय राज्य के अधिकार क्षेत्र में आता है।
इसी निर्णय को आधार बनाकर राज्य सरकार ने वर्ष 2024 में झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर अधिनियम लागू किया और कोयला समेत विभिन्न खनिजों वाली भूमि के एवज में प्रति टन के हिसाब से उपकर वसूलना शुरू किया।
इसके बाद अगस्त 2026 में संसद के मानसून सत्र के दौरान एमएमडीआर अधिनियम में संशोधन को मंजूरी दी गई। नए संशोधन के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित शर्तों के बिना राज्य सरकारें अब खनिज वाली जमीन पर अपनी ओर से कोई अतिरिक्त सेस या कर नहीं लगा सकतीं।
न ही खनिज अधिकार पर किसी प्रकार का शुल्क वसूला जा सकता है। इसी बदलाव ने केंद्र और राज्य के बीच नए टकराव की स्थिति पैदा कर दी है।
स्टीफन बोले- सीएनटी-एसपीटी में विवाद बढ़ा तो आएंगे अर्धसैनिक बल
पूर्व उपमुख्यमंत्री स्टीफन मरांडी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परदे के पीछे से झारखंड के लोगों से उनकी जमीन का अधिकार छीनने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह कदम सीएनटी और एसपीटी कानूनों में सीधा हस्तक्षेप है। उनके अनुसार, जब खदानों के संचालन को लेकर जमीन पर विवाद उत्पन्न होगा, तो स्थिति से निपटने के लिए सीआरपीएफ और सीआइएसएफ की तैनाती होगी और वही बल झारखंडियों पर गोली चलाएंगे।
उन्होंने पाकुड़ का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के कई युवकों का विवाह पश्चिम बंगाल में हुआ है, लेकिन वहां से आने वाली बहुओं को जाति प्रमाणपत्र नहीं मिल पा रहा है, जिससे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में पाकुड़ उपायुक्त को आवेदन दिए गए हैं और विधानसभा में यह मुद्दा उठने पर पूरे देश का ध्यान आकर्षित होगा।
अनूप सिंह ने उठाए बुनियादी सुविधाओं और डीएमएफटी पर सवाल
कांग्रेस के बेरमो विधायक अनूप सिंह ने कहा कि पहले कोल इंडिया की खदानें शुरू करने से पूर्व प्रभावित क्षेत्र के लोगों के हित में अस्पताल और स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाएं तैयार की जाती थीं।
लेकिन मौजूदा समय में झारखंड के भीतर पर्वतपुर सहित कई खदानें बिना स्कूल और अस्पताल बनाए ही खोल दी गईं, जो केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाती है।
उन्होंने डीएमएफटी के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि जब यह विषय विधानसभा में उठेगा, तो इसका असर दूर तक जाएगा।
मथुरा प्रसाद महतो और सुखराम उरांव का कड़ा रुख
झामुमो के मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन और एसआइआर जैसे विषयों पर सदन में जो प्रश्न खड़े होंगे, उनका उत्तर किसी के पास नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि संघीय ढांचे में केंद्र और राज्य के बीच मतभेद की स्थिति में खुले मन से संवाद होना चाहिए। न्यायिक आदेश के तहत शुरू की गई सेस वसूली को संसद के माध्यम से अचानक पलट देना स्वीकार्य नहीं है।
वहीं, चक्रधरपुर के झामुमो विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि खनिज संसाधनों के साथ झारखंड के लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं, जो बिहार के समय से चली आ रही हैं।
जिस धरती के नीचे खनिज है, वह झारखंडियों की है और सेस उसी भूमि पर उनके अधिकार को दर्शाता है। बिना चर्चा किए अधिकार छीने गए हैं, जिसके खिलाफ राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर संघर्ष जारी रहेगा।
राज सिन्हा बोले- यह कानून सिर्फ झारखंड के लिए नहीं
धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा ने सत्ता पक्ष के तर्कों को खारिज करते हुए कहा कि एमएमडीआर संशोधन कानून केवल झारखंड में लागू नहीं हुआ है, जबकि यहां इसे इस तरह पेश किया जा रहा है मानो यह विशेष रूप से इसी राज्य के लिए बना हो।
उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, उन्होंने भी इसका विरोध नहीं किया है। राज सिन्हा का आरोप है कि राज्य में वैध खनिज पर कर का बोझ बढ़ाया जा रहा है ताकि अवैध खनन का धंधा फल-फूल सके और सत्ता से जुड़े लोगों की जेबें भरें।
उन्होंने सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये के गबन और उससे जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए इस पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग भी की।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एसआइआर का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और राज्य सरकार के कर्मी ही यह काम कर रहे हैं, जिससे वे स्वयं अपने लोगों को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं।