झारखंड में दूध उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि, किसानों को मिल रहा पांच रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि; प्रतिदिन 93.15 लाख लीटर उत्पादन
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस आज: झारखंड में दूध उत्पादन में तेजी से वृद्धि हो रही है, वर्तमान में प्रतिदिन 93.15 लाख लीटर उत्पादन हो रहा है। राज्य सरकार किसानों को 5 रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि दे रही है, जिससे पशुपालक झारखंड मिल्क फेडरेशन से जुड़ रहे हैं।

किसानों को मिल रहा पांच रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि, सालाना 34 लाख मीट्रिक टन तक पहुंचा दूध का उत्पादन।
HighLights
झारखंड में प्रतिदिन 93.15 लाख लीटर दूध का उत्पादन।
किसानों को प्रति लीटर 5 रुपये प्रोत्साहन राशि मिल रही।
पशुधन विकास और नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में दूध उत्पादन के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है। वर्तमान में राज्य में प्रतिदिन लगभग 93.15 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य का वार्षिक दूध उत्पादन बढ़कर 34 लाख मीट्रिक टन पहुंच गया, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह 31.99 लाख मीट्रिक टन था।
राज्य के दूध उत्पादकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से पांच रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। इस पहल से पशुपालकों झारखंड मिल्क फेडरेशन (जेएमएफ) से जुड़ रहे हैं।
दूध संग्रहण में लगातार वृद्धि, पांच लाख लीटर प्रतिदिन का लक्ष्य
झारखंड मिल्क फेडरेशन (जेएमएफ) के माध्यम से दूध संग्रहण में भी वृद्धि हो रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रतिदिन औसतन 2.39 लाख लीटर दूध का संग्रहण किया गया, जबकि अक्टूबर तक यह बढ़कर 2.88 लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है।
वर्तमान में 60 हजार से अधिक दूध उत्पादक किसान जेएमएफ से जुड़े हैं। राज्य में 1,085 मिल्क कूलिंग केंद्र कार्यरत हैं। जेएमएफ के माध्यम से 3,490 गांवों को दूध संग्रहण व्यवस्था से जोड़ा गया है।
इसके अतिरिक्त राज्य में 230 पंजीकृत क्रियाशील जिला सहकारी दूध समितियां हैं। राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2028-29 तक प्रतिदिन पांच लाख लीटर दूध संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया है।
पशुधन विकास और नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान
पशुधन गणना के अनुसार झारखंड में 112.23 लाख गाय और 13.50 लाख भैंस हैं। राज्य में कुल गोवंशीय पशुधन की संख्या 125.73 लाख है। इनमें 2.84 लाख प्रजनन योग्य क्रास ब्रीड गाय, 30.53 लाख प्रजनन योग्य देसी गाय और 4.33 लाख प्रजनन योग्य भैंस शामिल हैं।
पशुओं की नस्ल सुधार एवं दुग्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक राज्य में कुल 61.37 लाख कृत्रिम गर्भाधान किए गए हैं।
राज्य में दूध उत्पादन, संग्रहण, प्रसंस्करण एवं पशुपालन के क्षेत्र बहुत तेजी से बढ़ रहा है। राज्य सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से डेयरी क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है। कृषि के साथ पशुपालन को प्रोत्साहित कर किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए जा सकते हैं।
-शिल्पी नेहा तिर्की- कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री, झारखंड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।