विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड चिकित्सा शिक्षा नियमावली में बड़ा बदलाव, एक वर्ष की सेवा के बाद सहायक प्राध्यापक बन सकेंगे सीनियर रेजिडेंट

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:34 PM (IST)

झारखंड सरकार ने चिकित्सा शिक्षा नियमावली-2025 में संशोधन किया है, जिससे अब सीनियर रेजिडेंट एक वर्ष की सेवा के बाद सहायक प्राध्यापक बन सकेंगे। साथ ही, निदेशक, चिकित्सा शिक्षा के पद पर संवर्ग के बाहर के योग्य व्यक्ति की भी नियुक्ति का प्रावधान किया गया है, ताकि रिक्त पदों को भरा जा सके।

संवर्ग के बाहर का व्यक्ति भी नियुक्त हो सकेगा निदेशक, चिकित्सा शिक्षा।

संवर्ग के बाहर का व्यक्ति भी नियुक्त हो सकेगा निदेशक, चिकित्सा शिक्षा।

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य सरकार ने झारखंड चिकित्सा शिक्षा सेवा में नियुक्ति, प्रोन्नति एवं सेवाशर्त नियमावली-2025 में संशोधन किया है। इसके तहत अब मेडिकल कालेजों में कार्यरत सीनियर रेजिडेंट तीन वर्ष में एक वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर सहायक प्राध्यापक के पद पर नियुक्त या प्रतिनियुक्त हो सकेंगे।

पहले एक वर्ष की सेवा पूरी होने पर इनके सदर अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में ही नियुक्त होने की बात कही थी। अब ये सदर अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक के साथ-साथ मेडिकल कालेजों में सहायक प्राध्यापक भी बन सकेंगे।

यह नियुक्ति या प्रतिनियुक्ति स्वीकृत पदों के विरुद्ध, निर्धारित पात्रता एवं प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। साथ ही इन्हें नेशनल मेडिकल कमीशन द्वारा निर्धारित योग्यता के आधार पर ही नियुक्ति होगी। राज्य सरकार ने यह संशोधन मेडिकल कालेजों में सहायक प्राध्यापकों के रिक्त पदों को भरने के लिए किया है।

नियमावली में संशोधित करते हुए यह भी प्रविधान किया गया है कि निदेशक, चिकित्सा शिक्षा के पद पर नियुक्ति प्राचार्यों, उप निदेशकों या प्राध्यापकों के बीच से वरीयता सह योग्यता के आधार पर की जाएगी।

लेकिन राज्य सरकार को यह विकल्प होगा कि वे संवर्ग के बाहर के व्यक्ति को भी इस पद पर नियुक्त कर सकेगी, बशर्ते की वे राज्य सरकार एवं नेशनल मेडिकल कमीशन द्वारा निर्धारित वांछित योग्यता रखते हों। यह नियुक्ति कार्मिक विभाग द्वारा निर्धारित प्रोन्नति समिति की अनुशंसा के आलोक में राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।

इनकी नियुक्ति सर्वप्रथम तीन वर्षों के लिए की जाएगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर अगले तीन वर्षों के लिए राज्य सरकार द्वारा विस्तारित किया जा सकेगा। साथ ही यह नियुक्ति या प्रतिनियुक्ति स्वीकृत पदों के विरुद्ध, निर्धारित पात्रता एवं प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।