भाजपा कार्यकर्ताओं पर अवैध फॉर्म-7 रखने का आरोप, झारखंड में महागठबंधन ने की शिकायत
Sir Jharkhand: महागठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं और बीएलए के पास अवैध फॉर्म-7 पाए जाने की शिकायत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से की है।

महागठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन।
HighLights
महागठबंधन ने भाजपा कार्यकर्ताओं के पास अवैध फॉर्म-7 मिलने की शिकायत की।
गढ़वा, गोड्डा, चतरा में भाजपा बीएलए से अवैध फॉर्म-7 बरामद होने का दावा।
प्रतिनिधिमंडल ने मामले की जांच और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
राज्य ब्यूरो, रांची। झामुमो, कांग्रेस, राजद तथा माले के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर भाजपा के कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के पास बड़ी संख्या में अवैध फार्म-7 होने की शिकायत की है।
कहा है कि यह घटना मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की प्रक्रिया की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यह फार्म मतदाता सूची से नाम हटाने/आपत्ति दर्ज करने के लिए उपयोग किया जाता है।
ज्ञापन में कहा गया कि अवैध रूप से फार्म-7 की बरामदगी झारखंड राज्य के गढ़वा जिले में रंका प्रखंड के भाजपा कार्यकर्ता शिव प्रसाद सोनी तथा पुराना बूथ संख्या 354 एवं 355 में भाजपा के बीएलए नंदलाल यादव तथा खपोरी पंचायत बूथ संख्या 407 एवं 409 में भाजपा के बीएलए से हुई है।
इसी तरह, गोड्डा जिले के बाघाकोल पंचायत अंतर्गत बुथ संख्या 38 में भाजपा के बीएलए सुनील महोली एवं चतरा जिले के टंडवा प्रखंड के काशीयाडीह पंचायत के बूथ संख्या 404 एवं 405 में भाजपा के बीएलए मदन ठाकुर के पास से भारी संख्या में अवैध फार्म-7 बरामद किए गए हैं।
आशंका जताई गई कि कुछ लोग संगठित रूप से एसआइआर की प्रक्रिया को प्रभावित करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया कि कोई भी राजनीतिक दल या बाहरी व्यक्ति इस प्रकार के फार्मों का अनधिकृत भंडारण या अवैध उपयोग नहीं कर सकता।
प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने एवं दोषी कार्यकर्ताओं एवं बीएलए के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय, विधायक विकास मुंडा, एमटी राजा, सुदीप गुडिया, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, राजद के डा. मनोज कुमार, आबिद अली, भाकपा (माले) के हलधर महतो सम्मिलित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।