Conversion in Jharkhand: VHP ने लगाया नारा, जागो झारखंड की सरकार, रोको धर्मांतरण का व्यापार
झारखंड में लॉकडाउन के दौरान हुए अंधाधुंध धर्मांतरण के खिलाफ विहिप व बजरंग दल ने सोमवार को डिजिटल माध्यम से विरोध प्रदर्शन किया।
रांची, जासं। झारखंड में अवैध रूप से चल रहे धर्मांतरण के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद (विहिप), दुर्गा वाहिनी व बजरंग दल से जुड़े लोग अब मुखर हो गए हैं। कोरोना महामारी को लेकर एक जगह इकट्ठा नहीं होने के कारण सोमवार को पूरे प्रदेश में अपने-अपने घरों से डिजिटल विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में गांव से लेकर राजधानी तक के 10,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया। महिलाओं व बच्चों की संख्या भी अच्छी थी। सभी लोगों ने नारा लिखी हुई तख्तियां लिए फोटो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए।
दुर्गावाहिनी की महिलाओं ने भी प्रदर्शन में लिया भाग, 10000 से अधिक लोगहुए शामिल
विहिप के झारखंड-बिहार के क्षेत्र संगठन मंत्री केशव राजू ने कहा कि झारखंड में चल रहे अवैध धर्मांतरण को रोकने का काम वर्तमान राज्य सरकार करे, नहीं तो पूरे प्रदेश में बड़ा आंदोलन खड़ा करने के लिए विहिप के लोग बाध्य होंगे। 2017 में तैयार धर्मांतरण विरोधी कानून को राज्य में सख्ती से लागू नहीं किया जा रहा है। नियमानुसार धार्मिक स्वतंत्रता के तहत यदि कोई अपना धर्म बदलता है तो उसे विधिवत प्रशासन से अनुमति लेनी पड़ती है, परंतु ऐसा हो नहीं रहा है। यहि कारण है कि इसका लाभ ईसाई मिशनरियों से जुड़े लोग उठा रहे हैं। इसमें कुछ हिंदू भी लगे हैं जो चर्च के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं।
नारों के माध्यम से की कार्रवाई की मांग
विरोध प्रदर्शन में लोग अपने हाथों में जो तख्तियां लिए हुए थे उस पर लिखा था, अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाओ, झारखंड की धर्म संस्कृति बचाओ। जागो-जागो झारखंड की सरकार, रोको-रोको धर्मांतरण व्यापार। झारखंड की सुनो पुकार, धर्मांतरण है अत्याचार। वीर बिरसा के वंशज करे पुकार, धर्मांतरण के दलाल हो गिरफ्तार आदि।