HSRP के बिना झारखंड में थमे पुरानी गाड़ियों के पहिए! फिटनेस फेल, चालान का खौफ और इंश्योरेंस अटकने का डर
झारखंड में 2019 से पहले पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों के मालिकों को एचएसआरपी न होने के कारण फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं मिल ...और पढ़ें

HSRP के बिना झारखंड में थमे पुरानी गाड़ियों के पहिए! (AI Generated Image)
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड में वर्ष 2019 से पहले पंजीकृत कमर्शियल वाहनों के लिए हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगवाना वाहन मालिकों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। पुराने वाहनों में एचएसआरपी की व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन मालिकों को ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर से बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के लौटना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि वाहन की फिटनेस जांच नहीं होने से उसके सड़क पर परिचालन को लेकर भी संकट खड़ा हो गया है। फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं रहने पर वाहन का चालान कटने का खतरा है।
वहीं, सड़क दुर्घटना की स्थिति में बीमा क्लेम मिलने को लेकर भी परेशानी हो सकती है। दूसरे राज्यों में जांच के दौरान एचएसआरपी नहीं मिलने पर वाहन संचालकों को जुर्माना भरना पड़ रहा है।
इस समस्या का सीधा असर उन वाहन मालिकों पर पड़ रहा है, जिनके व्यावसायिक वाहनों का फिटनेस प्रमाण-पत्र समाप्त हो रहा है। आठ वर्ष से कम अवधि के कमर्शियल वाहनों को प्रत्येक दो वर्ष और आठ वर्ष से अधिक पुरानी होने पर प्रत्येक वर्ष फिटनेस प्रमाण-पत्र का नवीनीकरण कराना होता है।
इसके लिए वाहन मालिक आटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन पहुंच रहे हैं, लेकिन एचएसआरपी नहीं होने के कारण उनकी गाड़ियों की फिटनेस प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। ऐसे में वाहन मालिकों के सामने एक तरफ गाड़ी खड़ी रखने की मजबूरी है तो दूसरी तरफ बिना वैध कागजात के सड़क पर उतारने का जोखिम।
एचएसआरपी नहीं होने पर फिटनेस जांच में अड़चन
ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन संबंधी अधिसूचना में एचएसआरपी को फिटनेस जांच के अनिवार्य दृश्य परीक्षण (विजुअल इंस्पेक्शन) का हिस्सा बनाया गया है। इसके तहत वाहन के आगे और पीछे हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगी होनी चाहिए।
प्लेट को वाहन में सुरक्षित तरीके से लगाया जाना भी जरूरी है। इसके लिए मोटर व्हीकल रूल्स के नियम 50 और एआईएस-159 के प्रावधानों का पालन किया जाना है।
हालांकि, एचएसआरपी की जांच ऑटोमेटेड मशीन से नहीं होती, बल्कि इसका दृश्य निरीक्षण किया जाता है। इसके बावजूद प्लेट नहीं होने पर फिटनेस जांच की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
पुराने वाहनों के मालिकों की शिकायत है कि वे फिटनेस सेंटर पहुंचने के बाद भी प्रमाण-पत्र नहीं बनवा पा रहे हैं। दूसरी ओर, उनके पास एचएसआरपी लगवाने का कोई स्पष्ट और सुलभ विकल्प नहीं है।
फिटनेस नहीं तो सड़क पर परिचालन का जोखिम
फिटनेस प्रमाण-पत्र किसी भी कमर्शियल वाहन के सुरक्षित परिचालन के लिए जरूरी दस्तावेज है। इसकी वैधता समाप्त होने के बाद वाहन का परिचालन करने पर कार्रवाई और जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है। वाहन मालिकों की चिंता सिर्फ चालान तक सीमित नहीं है।
फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं होने की स्थिति में दुर्घटना के बाद बीमा क्लेम की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है। हालांकि, बीमा लाभ का निर्धारण पालिसी की शर्तों और दुर्घटना की परिस्थितियों के आधार पर होता है।
इसके अलावा, दूसरे राज्यों में वाहन लेकर जाने पर एचएसआरपी नहीं होने के कारण जांच के दौरान जुर्माना भरने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
ऐसे में झारखंड में पंजीकृत पुराने कमर्शियल वाहनों के मालिकों के सामने दोहरी समस्या है। राज्य में फिटनेस प्रमाण-पत्र बनवाने में परेशानी और राज्य के बाहर परिचालन के दौरान कार्रवाई का डर।
चेंबर ने परिवहन सचिव को लिखा पत्र, अधिकृत डीलरों से प्लेट लगाने की मांग
इस समस्या को लेकर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स ने परिवहन सचिव को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने की मांग की है।
चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल के अनुसार, वर्ष 2019 से पहले पंजीकृत वाहनों में एचएसआरपी लगाने की समुचित व्यवस्था नहीं है। इस कारण व्यावसायिक वाहन मालिकों को फिटनेस प्रमाण-पत्र के नवीनीकरण में परेशानी हो रही है।
चेंबर अध्यक्ष ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के 16 जून 2026 के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि पुराने वाहनों में भी निर्माता कंपनियों के अधिकृत डीलरों के माध्यम से एचएसआरपी लगाने की व्यवस्था का उल्लेख है। इसके लिए राज्य सरकार से अलग अनुमति की जरूरत नहीं है।
चैंबर ने परिवहन विभाग से वाहन निर्माता कंपनियों और उनके अधिकृत डीलरों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा राज्यभर में पुराने वाहनों में एचएसआरपी लगाने की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
तुलसी पटेल के अनुसार, इस संबंध में परिवहन विभाग के समक्ष मांग रखी गई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इससे वाहन मालिकों की परेशानी बनी हुई है।
वाहन मालिकों की सुनिए परेशानी
धुर्वा के ट्रांसपोर्टर संतोष कुमार ने कहा कि मेरा टाटा 407 वाहन वर्ष 2018 का है। फिटनेस कराने के लिए सेंटर गया था, लेकिन गाड़ी में एचएसआरपी नहीं होने के कारण फिटनेस करने से इनकार कर दिया गया। अब समझ में नहीं आ रहा है कि पुराने वाहन में एचएसआरपी कहां और कैसे लगवाएं।
रातू रोड निवासी रवि चौबे ने कहा कि मेरी गाड़ी में एचएसआरपी नहीं है। इसी वजह से फिटनेस सेंटर में प्रमाण-पत्र नहीं मिला। ऐसे में बिना फिटनेस के सड़क पर गाड़ी कैसे चलाएं। गाड़ी खड़ी रखने से आर्थिक नुकसान हो रहा है और चलाने पर चालान का डर है।
अधिकारी का पक्ष
ऐसे मामलों की शिकायत मिली है। अब यह देखना होगा कि आखिर मामला क्या है और किस वजह से वाहनों का फिटनेस प्रमाण-पत्र नहीं बन पा रहा है। - अखिलेश कुमार, डीटीओ, रांची
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।