एमवीआई प्रतिनियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका खारिज, हाई कोर्ट ने झारखंड सरकार के फैसले को सही ठहराया
झारखंड हाई कोर्ट ने मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) पद पर प्रतिनियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। ...और पढ़ें

अदालत ने कहा- निर्धारित योग्यता रखने वाले अधिकारियों को मिल सकता है एमवीआई का प्रभार।
HighLights
हाई कोर्ट ने एमवीआई प्रतिनियुक्ति चुनौती याचिका खारिज की।
नियमित भर्ती तक योग्य अधिकारियों को प्रभार मिल सकता है।
प्रतिनियुक्त अधिकारियों की योग्यता पर सवाल साबित नहीं हुआ।
राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने राज्य के विभिन्न जिलों में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) के पद पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों की नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि नियमित भर्ती पूरी होने तक राज्य सरकार निर्धारित योग्यता रखने वाले अधिकारियों को एमवीआइ का प्रभार सौंप सकती है।
केवल प्रतिनियुक्ति के आधार पर किसी अधिकारी की नियुक्ति को अवैध नहीं ठहराया जा सकता। एमवीआई के पद पर प्रतिनियुक्ति के खिलाफ सुनील कुमार महतो ने याचिका दायर की थी।
याचिका में राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात प्रतिनियुक्त एमवीआई की नियुक्ति पर सवाल उठाया गया था। प्रार्थी का कहना था कि ये अधिकारी झारखंड एमवीआइ कैडर के सदस्य नहीं हैं और मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर पद के लिए निर्धारित योग्यता भी पूरी नहीं करते हैं। उन्होंने प्रतिनियुक्ति रद करने और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से नियमित नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश देने की मांग की थी।
याचिकाकर्ता ने वर्ष 2015 में पारित एक पुराने आदेश का हवाला देते हुए कहा था कि एमवीआई के पद पर निर्धारित योग्यता नहीं रखने वाले व्यक्तियों को प्रतिनियुक्त नहीं किया जा सकता। इसके अलावा, उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 200 के तहत कार्रवाई करने से रोकने की भी मांग की थी।
मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति को क्वो-वारंटो (पद धारण करने के अधिकार की न्यायिक जांच) के माध्यम से तभी पद से हटाया जा सकता है, जब यह साबित हो कि उसके पास निर्धारित योग्यता नहीं है या उसकी नियुक्ति नियमों के विरुद्ध हुई है। अदालत के समक्ष पेश दस्तावेजों से यह साबित नहीं हुआ कि प्रतिनियुक्त अधिकारियों के पास एमवीआइ पद के लिए आवश्यक योग्यता नहीं है।
नियमित भर्ती तक अस्थायी व्यवस्था कर सकती है सरकार
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि 15 दिसंबर 2020 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में नियमित भर्ती पूरी होने तक योग्य व्यक्तियों को एमवीआइ के रूप में प्रतिनियुक्त करने का निर्णय लिया गया था। सरकार ने यह भी बताया कि राज्य में एमवीआइ के कुल 70 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 50 पद नियमित नियुक्ति के माध्यम से भरे जा चुके हैं।
अदालत ने कहा कि राज्य सरकार नियमित भर्ती पूरी होने तक प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार योग्य अधिकारियों को पद का प्रभार सौंप सकती है। यह व्यवस्था किसी सार्वजनिक पद पर अवैध कब्जा नहीं मानी जा सकती।
कोर्ट ने यह भी गौर किया कि प्रतिनियुक्त अधिकारी नियमित कैडर में नियुक्ति या समायोजन का दावा नहीं कर रहे हैं, बल्कि नियमित भर्ती होने तक अस्थायी व्यवस्था के तहत काम कर रहे हैं।
अदालत ने कहा कि जब तक प्रतिनियुक्त अधिकारियों की निर्धारित योग्यता पर सवाल उठाने के लिए कोई ठोस साक्ष्य पेश नहीं किया जाता, तब तक सरकार की प्रशासनिक व्यवस्था में हस्तक्षेप का आधार नहीं बनता। इन्हीं तथ्यों के आधार पर अदालत ने याचिका खारिज कर दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।