विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एसीएफ और एफआरओ नियुक्ति परीक्षा रद करने के आदेश पर रोक से इनकार, झारखंड HC ने कहा- सीजीएल से यह अलग

Published: Mon, 24 Aug 2026 10:34 PM (IST)

झारखंड हाई कोर्ट ने जेपीएससी की सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) और वन क्षेत्र पदाधिकारी (एफआरओ) नियुक्ति परीक्षा-2024 को रद करने ...और पढ़ें

जेपीएससी एसीएफ और एफआरओ नियुक्ति रद्द करने के आदेश पर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला।

जेपीएससी एसीएफ और एफआरओ नियुक्ति रद्द करने के आदेश पर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला।

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने नियुक्ति रद्द करने पर रोक से इनकार किया।

  2. राज्य सरकार से मामले में जवाब मांगा गया है।

  3. अगली सुनवाई 24 सितंबर को निर्धारित की गई है।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत में राज्य सरकार की ओर से नियुक्ति प्रक्रिया रद करने संबंधी जारी अधिसूचना को चुनौती देने वाली दो अलग-अलग याचिकाओं पर सोमवार को सुनवाई हुई।

सुनवाई के दौरान अदालत ने जेपीएससी की सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) नियुक्ति परीक्षा-2024 और वन क्षेत्र पदाधिकारी (एफआरओ) नियुक्ति परीक्षा-2024 को रद करने के सरकार के आदेश पर तत्काल रोक लगाने से इनकार कर दिया। अदालत ने मामले में राज्य सरकार से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 24 सितंबर को होगी।

इस संबंध में नरेंद्र कुमार यादव और अरुण कुमार ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। प्रार्थियों की ओर से अधिवक्ता नवीन कुमार और सूरज कुमार ने अदालत से नियुक्ति प्रक्रिया रद करने संबंधी सरकार के आदेश पर रोक लगाने का आग्रह किया गया था।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से पूर्व में जेपीएससी की 11वीं से 13वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा, सीडीपीओ नियुक्ति परीक्षा, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नियुक्ति परीक्षा और जेएसएससी की सीजीएल नियुक्ति परीक्षा रद करने के आदेश पर रोक लगाई गई है, उसी तरह इस मामले में भी रोक लगाई जाए।

इस पर अदालत ने कहा कि पूर्व के मामले में अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो गई थी और वे सभी कार्य कर रहे थे। उससे यह अलग मामला है, क्योंकि अभी इसमें नियुक्ति प्रक्रिया चल ही रही है। इसलिए मामले में फिलहाल रोक नहीं लगाई जा सकती।

प्रार्थियों की ओर से कहा गया कि संभावना है सरकार की ओर से नई सिरे से नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जा सकता है। इस पर अदालत ने कहा कि ऐसी स्थिति में हस्तक्षेप याचिका दाखिल की जा सकती है।

सरकार ने जिन 22 परीक्षाओं को रद किया था, उनमें एसीएफ और एफआरओ भी

सीआईडी की जांच में सामने आए तथ्यों और टीडीपीएल एजेंसी से संबद्धता के आधार पर राज्य सरकार ने जिन 22 परीक्षाओं को रद किया था, उनमें सहायक वन संरक्षक नियुक्ति परीक्षा-2024 और वन क्षेत्र पदाधिकारी नियुक्ति परीक्षा-2024 भी सम्मिलित थीं। कुल 22 परीक्षाओं में चार में नियुक्ति हो चुकी थी, जबकि 18 परीक्षाएं प्रक्रियाधीन हैं।

जारी हो चुका है मुख्य परीक्षा का परिणाम

इन दोनों प्रतियोगिता परीक्षाओं में मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी किया जा चुका है। वन क्षेत्र पदाधिकारी नियुक्ति में 11 से 13 अगस्त तक सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच होनी थी, जबकि सहायक वन संरक्षक नियुक्ति में 17-18 अगस्त तक शारीरिक जांच का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था।

इस बीच जेपीएससी में सीआइडी जांच शुरू होने तथा अध्यक्ष के इस्तीफा के बाद आयोग ने अपरिहार्य कारण बताते हुए शारीरिक जांच कार्यक्रम को अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।