विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, DVC के संविदा शिक्षकों की सेवा नियमित करने का आदेश; शोषण पर जताई सख्त नाराजगी

Published: Fri, 08 May 2026 12:42 AM (IST)

झारखंड हाई कोर्ट ने दामोदर वैली कारपोरेशन (डीवीसी) के संविदा शिक्षकों की सेवा नियमित करने का आदेश दिया है।

झारखंड हाईकोर्ट

झारखंड हाईकोर्ट

HighLights

  1. डीवीसी के संविदा शिक्षकों की सेवा नियमित करने का आदेश।

  2. 20 वर्षों तक संविदा पर कार्य शोषण की श्रेणी में।

  3. शिक्षकों को 10 वर्ष पूरे होने की तिथि से लाभ।

राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने दामोदर वैली कारपोरेशन (डीवीसी) के स्कूलों में वर्षों से संविदा पर कार्यरत शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए उनकी सेवा नियमित करने का आदेश दिया है। 

अदालत ने अपने आदेश में कहा है कि किसी कर्मचारी से 20 वर्षों तक स्थायी प्रकृति का कार्य लेकर उसे संविदा पर बनाए रखना उचित नहीं है और यह शोषण की श्रेणी में आता है।

शिक्षकों ने अपनी सेवा के 10 वर्ष पूरे कर लिए

अदालत ने एक साथ दायर कई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए डीवीसी को सभी याचिकाकर्ता शिक्षकों की सेवा नियमित करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा कि नियमितीकरण का लाभ उस तिथि से दिया जाए, जब संबंधित शिक्षकों ने अपनी सेवा के 10 वर्ष पूरे कर लिए थे। 

इस संबंध में संजय कुमार झा, ईशा कुमारी, जय प्रकाश नारायण, शोभा पांडेय, बिमलेश दत्ता मिश्रा, शबनम परवीन और हरेंद्र कुमार सिंह सहित कई शिक्षकों ने याचिका दाखिल की थी। इन शिक्षकों की नियुक्ति वर्ष 2002 से 2005 के बीच विज्ञापन जारी होने और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीआरटी, टीजीटी और पीजीटी शिक्षक के रूप में हुई थी, लेकिन उन्हें स्थायी नियुक्ति नहीं दी गई थी। 

उनसे लिया जा रहा कार्य स्थायी प्रकृति का

याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत को बताया गया कि संबंधित शिक्षक लगातार वर्षों से स्कूलों में कार्यरत हैं और स्कूलों का संचालन काफी हद तक उन्हीं पर निर्भर है। अदालत ने माना कि इतने लंबे समय तक निरंतर सेवा यह साबित करती है कि उनसे लिया जा रहा कार्य स्थायी प्रकृति का है। 

डीवीसी की ओर से अदालत को बताया गया कि शिक्षकों की नियुक्ति संविदा के आधार पर हुई थी और नियमितीकरण का उन्हें कोई अधिकार नहीं है। निगम ने यह भी दलील दी कि कई पदों की संख्या बाद में घटा दी गई तथा भविष्य में आउटसोर्सिंग की योजना है। 

लंबे समय तक संविदा पर कर्मचारियों से काम लेना शोषण 

अदालत ने डीवीसी की दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि एक वैधानिक संस्था होने के नाते डीवीसी को आदर्श नियोक्ता की तरह व्यवहार करना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि लंबे समय तक संविदा पर कर्मचारियों से काम लेना शोषण के समान है। 

हाई कोर्ट ने शिक्षकों को गर्मी की छुट्टियों के दौरान दिए जाने वाले छोटे-छोटे ब्रेक पर भी टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि ये ब्रेक केवल तकनीकी और कृत्रिम थे, जिनका उद्देश्य नियमितीकरण से बचना था। ऐसे ब्रेक से कर्मचारियों की निरंतर सेवा बाधित नहीं मानी जा सकती।



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।