विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरकारी वाहनों का थर्ड पार्टी बीमा करना अनिवार्य नहीं: झारखंड हाई कोर्ट

Published: Mon, 09 Nov 2026 06:09 PM (IST)

झारखंड हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि गैर-व्यावसायिक सरकारी वाहनों का थर्ड पार्टी बीमा अनिवार्य नहीं है, क्योंकि मोटर ...और पढ़ें

सरकारी वाहनों का निजी वाहनों की तरह बीमा कराने के निर्देश की मांग वाली जनहित याचिका निष्पादित।

सरकारी वाहनों का निजी वाहनों की तरह बीमा कराने के निर्देश की मांग वाली जनहित याचिका निष्पादित।

HighLights

  1. हाई कोर्ट ने सरकारी वाहनों के बीमा पर फैसला सुनाया।

  2. गैर-व्यावसायिक सरकारी वाहनों का बीमा अनिवार्य नहीं।

  3. मोटर वाहन अधिनियम 1988 में मिली है छूट।

राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट के जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस मनोज प्रसाद की अदालत ने स्पष्ट किया है कि केंद्र और राज्य सरकार के ऐसे वाहनों का थर्ड पार्टी बीमा कराना अनिवार्य नहीं है, जिनका इस्तेमाल केवल गैर-व्यावसायिक सरकारी कार्यों के लिए किया जाता है।

मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 146(2) में ऐसे वाहनों को बीमा कराने से छूट दी गई है। इस कानूनी प्रविधान के रहते राज्य सरकार को सभी सरकारी वाहनों का निजी वाहनों की तरह थर्ड पार्टी बीमा कराने का निर्देश नहीं दिया जा सकता।

इसी टिप्पणी के साथ अदालत ने सरकारी वाहनों का बीमा अनिवार्य करने और बिना बीमा वाले वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग वाली जनहित याचिका निष्पादित कर दी है। रवि कुमार वर्मा ने जनहित याचिका दाखिल कर सरकारी वाहनों के बिना बीमा सड़कों पर चलने का मुद्दा उठाया था।

याचिका में कहा गया था कि बड़ी संख्या में सरकारी वाहन बिना बीमा और नंबर प्लेट के सड़कों पर चल रहे हैं। इन वाहनों से दुर्घटना होने की स्थिति में आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दुर्घटनाओं में लोगों की मौत भी होती है, लेकिन वाहनों का बीमा नहीं होने के कारण पीड़ितों के हितों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं।

प्रार्थी ने अदालत से मांग की थी कि राज्य सरकार को सभी सरकारी वाहनों का निजी वाहनों की तरह बीमा कराने का निर्देश दिया जाए। सरकार यह भी बताए कि वह कब तक सभी सरकारी वाहनों का बीमा कराएगी।

इसके अलावा जब तक वाहनों का बीमा नहीं हो जाता, तब तक उनके सड़क पर परिचालन पर रोक लगाई जाए। सरकारी वाहनों से दुर्घटना होने पर जिम्मेदारी तय करने का निर्देश देने की भी मांग की गई थी। मामले में राज्य सरकार की ओर से परिवहन विभाग ने शपथपत्र दाखिल कर इस आरोप से इन्कार किया था कि सरकारी वाहन बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर चल रहे हैं।

सरकार ने बीमा के मुद्दे पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 146 का हवाला दिया था। सरकार की ओर से बताया गया था कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 146(1) में सार्वजनिक स्थानों पर चलने वाले वाहनों के लिए थर्ड पार्टी बीमा का प्रविधान है।

हालांकि, इसी अधिनियम की धारा 146(2) में केंद्र और राज्य सरकार के स्वामित्व वाले ऐसे वाहनों को छूट दी गई है, जिनका इस्तेमाल किसी व्यावसायिक गतिविधि से जुड़े कार्यों में नहीं किया जाता है। इसलिए गैर-व्यावसायिक सरकारी वाहनों का थर्ड पार्टी बीमा कराना कानूनी रूप से अनिवार्य नहीं है।

यह भी पढ़ें- 11 नवंबर से कोडरमा होकर चलेगी धनबाद- रक्सौल स्पेशल ट्रेन, छठ महापर्व पर यात्रियों को राहत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।