रविवार को भी 8 घंटे क्लास दिखाकर किया भुगतान, रांची पॉलिटेक्निक घोटाले में पूर्व प्राचार्य की जमानत याचिका खारिज
रांची हाई कोर्ट ने सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रवेश घोटाले के आरोपी पूर्व प्रभारी प्राचार्य सत्यदेव राम की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर (फाइल फोटो)
HighLights
हाई कोर्ट ने पूर्व प्राचार्य सत्यदेव राम की जमानत याचिका खारिज की।
प्रवेश घोटाले में अनियमित नामांकन और शिक्षकों को अनियमित भुगतान का आरोप।
सत्यदेव राम की संलिप्तता पहले की प्रवेश प्रक्रियाओं में भी पाई गई।
राज्य ब्यूरो, रांची। हाई कोर्ट ने रांची के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में कथित प्रवेश घोटाले के आरोपित पूर्व प्रभारी प्राचार्य सत्यदेव राम को राहत देने से इन्कार कर दिया है। अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
अदालत ने कहा कि मामले में उनकी भूमिका केवल प्रभारी प्राचार्य बनने के बाद से शुरू नहीं होती, बल्कि उससे पहले की प्रवेश प्रक्रिया में भी उनकी संलिप्तता के आरोप हैं।
निर्धारित मानकों की अनदेखी का आरोप
यह मामला सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में वर्ष 1994-98, 1995-99, 1996-2000, 2001-04 और 2002-05 के विभिन्न शैक्षणिक सत्रों में हुए नामांकन से संबंधित है।
आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए अयोग्य छात्रों का नामांकन किया। निर्धारित सीटों से अधिक छात्रों को प्रवेश दिया गया।
प्रतिदिन आठ घंटे के हिसाब से भुगतान
शिक्षकों को रविवार सहित प्रतिदिन आठ घंटे के हिसाब से भुगतान करने का भी आरोप है, जबकि नियमों के अनुसार एक शिक्षक के लिए प्रतिदिन चार घंटे की कक्षा की सीमा तय थी। इस मामले में सत्यदेव राम के खिलाफ निगरानी थाना में मामला दर्ज किया गया था।
सत्यदेव राम की ओर से अदालत में दलील दी गई कि उन्हें इस मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है। उनके अधिवक्ता ने कहा कि तत्कालीन प्राचार्य कामेंद्र 30 अप्रैल 2003 को सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद सत्यदेव राम को कालेज का प्रभारी प्राचार्य बनाया गया।
बचाव पक्ष ने स्वीकार किया कि चयन प्रक्रिया में कुछ अनियमितताएं हुई थीं, लेकिन इसे आपराधिक कृत्य नहीं माना जा सकता। एसीबी ने अग्रिम जमानत का विरोध किया। कहा कि सत्यदेव राम पूरी चयन प्रक्रिया में शामिल थे। वह साक्षात्कार बोर्ड में मैकेनिकल विशेषज्ञ के रूप में शामिल हुए थे और तत्कालीन प्राचार्य के साथ मिलकर काम किया था