विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में इंडी गठबंधन के लिए सियासी 'अग्निपरीक्षा'; JPSC से विधायक तक, एक के बाद एक विवादों से घिरी हेमंत सरकार

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:32 PM (IST)

झारखंड में झामुमो नीत इंडी गठबंधन सरकार पिछले कुछ महीनों से लगातार विवादों में घिरी है। हेमंत सोरेन सरकार पर ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

HighLights

  1. जेपीएससी घोटाले में पूर्व अध्यक्ष सहित कई गिरफ्तारियां हुई हैं।

  2. आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या ने राज्य को हिलाया।

  3. कांग्रेस विधायक पर नाबालिग से यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा।

अश्विनी रघुवंशी, रांची। झारखंड में झामुमो नीत इंडी गठबंधन सरकार के लिए पिछले कुछ महीने बेहद उथल-पुथल भरे रहे हैं। 
 
एक के बाद एक उठ रहे विवादों ने सरकार को लगातार रक्षात्मक मुद्रा में ला खड़ा किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक मसले को शांत करने की कोशिश करते हैं, उससे पहले ही विपक्ष को कोई नया और संवेदनशील मुद्दा मिल जाता है। 
 
राज्य के मूलवासियों और युवाओं से जुड़े जेपीएससी घोटाले से लेकर आदिवासी नेत्री निशा भगत की खुदकशी और अब कांग्रेस विधायक पर नाबालिग के यौन शोषण के गंभीर आरोपों तक, राजनीतिक पारा चरम पर है।
 

जेपीएससी उत्तर पुस्तिका वायरल और करोड़ों का नौकरी घोटाला 

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा में चयन का एक अजीबोगरीब मामला सामने आने के बाद राज्य में सियासी बखेड़ा खड़ा हो गया। 
 
आरोप लगा कि एक अभ्यर्थी ने प्रारंभिक परीक्षा (PT) में बेहद कम सवालों के सही उत्तर दिए थे, बावजूद इसके उसका चयन हो गया। 
 
जब इस अभ्यर्थी की ओएमआर शीट (उत्तर पुस्तिका) इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई, तो छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
 
रांची में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम और जेपीएससी कार्यालय के बाहर हजारों की संख्या में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया, भूख हड़ताल की और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 
 
जेन जी (Gen Z) के बढ़ते दबाव के आगे झुकते हुए झारखंड सरकार ने मामले की जांच अपराध अनुसंधान विभाग (CID) को सौंपी। 
 
केवल जेपीएससी ही नहीं, बल्कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं के माध्यम से हुई सरकारी नियुक्तियों को भी हेमंत सरकार ने रद कर दिया, ताकि जनता के बीच यह संदेश जाए कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस रखती है।
 
खुलासा हुआ कि इन नियुक्तियों के बदले करोड़ों रुपयों का लेन-देन हुआ था, जिसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक कानून (PMLA) के तहत अपनी जांच शुरू कर दी। 
 
इस मामले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जिनमें पूर्व मुख्य सचिव सह जेपीएससी अध्यक्ष एल ख्यांगते भी शामिल हैं, जो जेल में बंद हैं। 
 
इसके अलावा, झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्या की पत्नी अजिता भट्टाचार्या, जो जेपीएससी की सदस्य थीं, और उनके निजी सचिव को भी घोटाले में लिप्त होने के शक में गिरफ्तार किया गया है। 
 

निशा भगत का फेसबुक लाइव सुसाइड, सूबा सन्न 

यह मुद्दा अभी भी पूरी तरह ठंडा नहीं हुआ है, जिससे सरकार लगातार तनाव में है। अभी जेपीएससी का जिन्न बोतल में बंद भी नहीं हुआ था कि आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या ने पूरे राज्य को हिलाकर रख दिया। 
 
6 नवंबर को रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित अपने घर पर उन्होंने फेसबुक लाइव (सोशल मीडिया पर सजीव प्रसारण) के दौरान अपनी जान दे दी। 
 
मरने से ठीक पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर कानून व्यवस्था और भू-माफियाओं को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाए थे। सूत्रों के अनुसार, निशा ने आत्महत्या करने से ठीक पहले पिठौरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात भी कही थी।
 
गुमला जिले से ताल्लुक रखने वाली निशा भगत के पैतृक गांव में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो समेत झारखंड के कई बड़े नेता शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। 
 
7 नवंबर को निशा के पिता हांडू भगत ने केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ केस दर्ज कराया। 
 
इस मामले ने सांप्रदायिक रंग लेना शुरू कर दिया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आखिरकार मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश कर एक कड़ा संदेश देने की कोशिश की कि राजधर्म सबसे ऊपर है। 
 

कांग्रेस विधायक पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, फिर बवाल 

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले में संज्ञान लिया है। निशा भगत मामले की आंच अभी धीमी भी नहीं हुई थी कि सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा एक नए और गंभीर विवाद में फंस गए। 
 
उनके खिलाफ 14 साल की एक आदिवासी लड़की के यौन उत्पीड़न का मामला पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
 
आरोप है कि मई 2026 में स्कूल में नामांकन कराने के बहाने पीड़िता को विधायक के रांची स्थित आवास पर लाया गया, जहां उससे घरेलू काम कराया गया। 
 
बाद में, बीते 5 अगस्त को भूषण बाड़ा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जब नाबालिग गर्भवती हो गई, तो उसका जबरन गर्भपात करा दिया गया।
 
केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराई है और उसके बयान भी कोर्ट में दर्ज किए जा चुके हैं।
 
राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने भी इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है और राज्य सरकार व डीजीपी से रिपोर्ट तलब की है।
 
दिलचस्प बात यह है कि इसी मामले में सिमडेगा में पीड़िता की दादी ने भी एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि एक यूट्यूबर और अन्य लोगों ने उनकी पोती को बहला-फुसलाकर विधायक को बदनाम करने के लिए यह झूठा केस दर्ज करवाया है।
 
इन सभी मामलों के चलते झारखंड में राजनीतिक बवाल मचा हुआ है। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। जिससे राज्य की कानून व्यवस्था और सरकार की स्थिरता पर सवाल उठ रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।