Jharkhand: आठवीं के छात्र पहुंच गए नौवीं में, पर नहीं मिली साइकिल; अब कैसे जाएंगे स्कूल
Jharkhand Government School Hindi Samachar कोरोना वायरस काल के बाद अब स्कूल खुल गए हैं लेकिन साइकिल नहीं मिलने से सवाल पैदा हाे गया है कि छात्र अब स्कूल कैसे जाएंगे। कल्याण विभाग को दो वर्ष का एक साथ साइकिल देना होगा।
रांची, जासं। कोरोनाकाल के बाद झारखंड में स्कूल खुल गए हैं। लेकिन अभी तक विद्यार्थियों को साइकिल नहीं मिली है। आठवीं के छात्र नौवीं में पहुंच गए, पर अब तक उन्हें साइकिल से वंचित रखा गया है। पिछले साल की गलती से अब तक कल्याण विभाग ने कोई सबक नहीं लिया है। पिछले वर्ष खुद कल्याण विभाग की लेटलतीफी निर्णय के कारण विद्यार्थी साइकिल से वंचित रह गए थे। इस वर्ष भी कुछ यही हाल है।
रांची जिला कल्याण कार्यालय द्वारा डीईओ, डीएसई और बीडब्ल्यूओ से स्कूल के विद्यार्थियों की सूची मांगी गई है, लेकिन अब तक विद्यार्थियों की पूरी सूची जिला कल्याण कार्यालय को नहीं मिल सकी है। ऐसे में जब तक जिला कल्याण कार्यालय विद्यार्थियों की सूची कल्याण विभाग को उपलब्ध नहीं कराएगा, तब तक विभाग जिलों को साइकिल नहीं उपलब्ध करा पाएगा। झारखंड के कई प्रखंडों से एक भी विद्यार्थियों की सूची नहीं मिली है।
इनमें 2021-22 बैच के विद्यार्थियों में अनगड़ा, रातू, नामकुम, बुढ़मू, इटकी, लापुंग और ओरमांझी मुख्य रूप से शामिल है। यही हाल 2021-21 के विद्यार्थियों के साथ है। यहां लापुंग, और ओरमांझी की ओर से सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है। पदाधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि साइकिल आठवीं के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ी जाति के विद्यार्थियों को दी जाती है।
2021-22 में विद्यार्थियों की संख्या
चान्हो - 952, खलारी - 493, नगड़ी - 490, राहे - 543, रांची -1 - 1238, रांची-2 - 985, बुंडू - 686, कांके - 1658, मांडर - 1054, तमाड़ - 889, सोनाहातू - 1131, बेड़ो - 1477, सिल्ली - 1376, अनगड़ा - 00, रातू - 00, नामकुम - 00, बुढ़मू - 00, इटकी - 00, लापुंग - 00, ओरमांझी - 00।
कुल - 12972
2020-21 में विद्यार्थियों की संख्या
चान्हो - 413, खलारी - 86, नगड़ी -132, नामकुम- 257, राहे- 314, रांची-1-624, रांची-2 -292, रातू-186, बुंडू- 297, कांके-484, मांडर-355, तमाड़-52, अनगड़ा़- 804, सोनाहातु-464, बेड़ो -780, बुढमू-511, इटकी-223, सिल्ली-735, लापुंग-00 और ओरमांझी-00
कुल 7019