झारखंड को 5 साल बाद मिला नया लोकायुक्त, रिटायर्ड जज अमिताभ कुमार गुप्ता ने ली पद की शपथ
झारखंड को पांच साल बाद नया लोकायुक्त मिला है। सेवानिवृत्त जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता ने लोकायुक्त पद की शपथ ली, शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे।
HighLights
जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता ने लोकायुक्त पद की शपथ ली
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे
भ्रष्टाचार के विरुद्ध जांच में आएगी तेजी
राज्य ब्यूरो, रांची। लोकभवन में मंगलवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता को झारखंड के लोकायुक्त पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
दस मिनट के भीतर शपथ ग्रहण समारोह की सभी औपचारिकताएं पूरी हो गईं। राष्ट्रगान से शुरू व राष्ट्रगान के साथ ही समापन हुआ। झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने सेवानिवृत्त जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता की नियुक्ति आदेश को पढ़ा, जिसमें 16 अप्रैल को झारखंड के राज्यपाल ने उनकी नियुक्ति की थी।
इसके बाद शपथ ग्रहण के लिए नव नियुक्ति लोकायुक्त को मंच पर आमंत्रित किया गया। सेवानिवृत्त जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता ने पद की गरिमा के अनुरूप कानून सम्मत व बिना भय व द्वेष के कार्रवाई का शपथ लिया। शपथ ग्रहण समारोह के अंत में राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने नए लोकायुक्त का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
जून 2021 से खाली पड़ा था पद
झारखंड के लोकायुक्त का पद जून 2021 से खाली पड़ा था। करीब पांच साल बाद मंगलवार को झारखंड को नया लोकायुक्त मिल गया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि झारखंड के भ्रष्टाचार के विरुद्ध जांच में तेजी आएगी। भ्रष्टाचार के आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई भी होगी। राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टालरेंस की नीति और सशक्त होगी।
