नर्स पत्नी रोज देती थी सरकारी नौकरी की धौंस... तंग आकर बेरोजगार पति ने कर दिया बड़ा खेल...
Jharkhand Crime News पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी रचा रहे दूल्हा को मंडप से पुलिस उठाकर ले गई। इस दौरान पुलिस अफसर से बार-बार उसने छोड़ देने की विनती की। गिड़गिड़ाते हुए कहा कि पहली पत्नी एएनएम है वह रोज अपनी सरकारी नौकरी की धौंस मुझ पर जमाती है।
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। Jharkhand Crime News पहली पत्नी के रहते रविवार को श्री बंशीधर मंदिर में दूसरी शादी रचा रहे गढ़वा थाना क्षेत्र के अंचला-नवाडीह गांव निवासी कन्हाई राम पिता बदन राम को महंगा पड़ा। पहली पत्नी रिंचू देवी की शिकायत पर पुलिस शादी के मंडप से उठाकर कन्हाई को थाने ले आई है। कन्हाई राम की पहली शादी मेराल थाने के मेराल गांव निवासी भोला राम की पुत्री रिंचू से वर्ष 2015 में हुई है। इस संबंध में कन्हाई राम की पहली पत्नी रिंचू देवी ने बताया कि शादी के बाद से ही कन्हाई राम दहेज में एक लाख रुपये व बाइक की मांग कर रहे थे।
बकौल रिंचू मायके से दहेज में रुपये व बाइक नहीं मांगने पर मुझे मारपीट कर चार वर्ष पूर्व घर से भगा दिया। साथ ही एक लाख रुपये और जेवर चुराकर घर से भागने का मुकदमा भी मुझ पर कर दिया है। मैंने भी कन्हाई राम पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। दोनों मामला गढ़वा न्यायालय में चार वर्षों से चल रहा है। इसी दौरान रविवार को पता चला कि कन्हाई राम रमना थाने के बहियार खुर्द गांव निवासी लल्लू राम की पुत्री सुनैना से श्री बंशीधर मंदिर में दूसरी शादी रचा रहे हैं।
रिंचू देवी ने बताया कि दूसरी शादी की सूचना मिलते ही वह मेराल थाने गई। वहां से पुलिस के द्वारा श्री बंशीधर नगर पुलिस को सूचित कर शादी रुकवाने का अनुरोध किया गया। इधर कन्हाई राम ने बताया कि पत्नी रिंचू देवी मझिआंव में एएनएम है, जबकि मैं मजदूर हूं। अपने नौकरी का धौंस दिखाकर रिंचू मेरे साथ नहीं रहना चाहती है। दोनों तरफ से मुकदमा किया गया है। मुकदमा न्यायालय में लंबित है।
उसने बताया कि पहली पत्नी रिंचू मेरे साथ रहने को तैयार नहीं है। इसलिए मैं दूसरी शादी कर रहा था। फिलहाल मंडप से पुलिस कन्हाई राम को उठा कर थाने ले आई है। फिलहाल कन्हाई राम को पुलिस अपने हिरासत में रखा है। इधर सुनैना के परिजनों ने बताया कि हम लोगों को अंधेरे में रख कन्हाई दूसरी शादी कर रहा था। कन्हाई ने बताया था कि रिंचू मुकदमा की थी। मुकदमा फाइनल हो गया है अब वह मेरी पत्नी नहीं रही। तब हम लोग शादी को राजी हुए थे।