झारखंड में ड्रग्स का गढ़: सुनसान मैदान और जर्जर भवन बने नशे के कारोबार के अड्डे, विदेशों तक नेटवर्क
झारखंड में एनसीबी और पुलिस की जांच में सुनसान मैदान व जर्जर भवन ड्रग्स के हॉटस्पॉट पाए गए हैं। सरकार ...और पढ़ें

सरकार के आदेश व आम लोगों की शिकायतों के बाद जिलों में बढ़ी पुलिस की सक्रियता।
HighLights
सुनसान मैदान, जर्जर भवन ड्रग्स के हॉटस्पॉट बने।
एनसीबी व पुलिस की सक्रियता से कई गिरफ्तारियां हुईं।
युवाओं को नशे से बचाने विशेष अभियान जारी है।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में मादक पदार्थ के विरुद्ध कार्रवाई कर रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) व झारखंड पुलिस की छानबीन में यह जानकारी सामने आइ है कि शहरों में सुनसान मैदान व पुराने जर्जर भवन ड्रग्स के धंधे के अड्डे बने हैं।
एनसीबी के माध्यम से भी ऐसे जगह चिह्नित किए गए हैं, जहां कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री व आपूर्ति होती है। इन्हें हाट स्पाट के रूप में चिह्नित किया गया है। ऐसे जगहों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, ह्यूमन इनपुट आदि लिए जा रहे हैं, ताकि कारगर कार्रवाई की जा सके। नशे के विरुद्ध राज्य सरकार ने भी पुलिस को सख्त कानूनी कार्रवाई का निर्देश दे रखा है।
राज्य में लोगों, खासकर युवाओं, छात्र-छात्राओं को नशे से बचाने के उद्देश्य से विशेष अभियान भी चल रहा है। सुनसान जगहों, खाली मैदानों व संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस गश्त बढ़ी है।
पुलिस की सक्रियता से अड्डेबाजी कम हुए हैं, लेकिन खत्म नहीं हुए हैं। सिर्फ रांची का मामला देखें तो यहां के ओटीसी ग्राउंड, बिड़ला मैदान, अरगोड़ा मैदान, हरमू मैदान, मधुकम व बस्ती के आसपास के मैदान में अड्डेबाजी की सूचना पुलिस तक पहुंची है। पिछले दिनों जन शिकायत के दौरान भी ऐसी शिकायतें पहुंचीं, जिसपर पुलिस ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
स्टेशन रोड से कोकीन व गांजा की बरामदगी के बाद से ही रेस है पुलिस
रांची में एनसीबी के माध्यम से स्टेशन रोड से दो युवकों की गिरफ्तारी, उनकी निशानदेही पर कोकीन व गांजा की बरामदगी, फिर मोरहाबादी के समीप बोड़ेया से एक युवती की गिरफ्तारी व उसके घर से भी मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस भी रेस है।
एनसीबी ने रांची व जमशेदपुर से कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इन आरोपितों में रजत जैन उर्फ जिम्मी, उदित कुमार, आकाश मल्होत्रा, स्नेहा पासवान, मिलन सिंह व ऋषभ जैन शामिल हैं। इनके पास से 18 ग्राम कोकीन व 15 से 16.5 ग्राम एमडीएमए की बरामदगी हुई थी।
आरोपितों के पास से बरामद अंतरराष्ट्रीय नंबरों की छानबीन में रांची के उन हाट स्पाट की जानकारी व लोकेशन मिले हैं, जहां मादक पदार्थों की तस्करी होती रही है। एनसीबी वैसे लोकेशन के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। रांची पुलिस भी समानांतर छानबीन में जुटी है।
