विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची-जमशेदपुर के कई होटल-बार में रेव पार्टी में हेरोइन, NCB को कोकीन खपाने की सूचना; 5 अरेस्ट

Published: Thu, 22 Oct 2026 06:24 PM (IST)

एनसीबी रांची और जमशेदपुर सहित झारखंड के कई बारों में रेव पार्टियों में हेरोइन और कोकीन जैसे मादक पदार्थों की ...और पढ़ें

एनसीबी ने रांची स्थित एनडीपीएस की अदालत में पांच आरोपितों के नाम की दी है जानकारी।

एनसीबी ने रांची स्थित एनडीपीएस की अदालत में पांच आरोपितों के नाम की दी है जानकारी।

HighLights

  1. एनसीबी रांची और जमशेदपुर में ड्रग्स तस्करी की जांच कर रही है।

  2. पांच आरोपित गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय नंबरों की जांच जारी है।

  3. रेव पार्टियों के आयोजकों और इवेंट कंपनियों पर भी नजर।

राज्य ब्यूरो, रांची। रांची व जमशेदपुर सहित राज्य के अन्य जिलों के कई बारों में रेव पार्टी और उसमें हेरोइन, कोकीन जैसे मादक पदार्थों को खपाए जाने की सूचना का नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) सत्यापन कर रहा है।

एनसीबी ने इस पूरे प्रकरण में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत पांच आरोपितों के विरुद्ध इस वर्ष का अपना 15वां कांड दर्ज किया है। इन पांच आरोपितों में रांची के अरगोड़ा का उदित कुमार, बोड़ेया की स्नेहा पासवान, अपर बाजार का रजत जैन, गिरिडीह का आकाश कुमार मल्होत्रा व जमशेदपुर के जुगसलाई का मिलन सिंह शामिल है।

इन सभी आरोपितों को रांची स्थित एनडीपीएस की विशेष अदालत में पेश करने के बाद एनसीबी ने जेल भेज दिया है। इन आरोपितों के पास से एनसीबी ने 18 ग्राम कोकीन, 16.5 ग्राम एमडीएमए, 3.5 ग्राम गांजा के अलावा एक हुंडई एसेंट कार की बरामदगी की है। एनसीबी को छानबीन में कुछ अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर भी मिले हैं, जिसकी जांच चल रही है।

ये नंबर यूके, यूएसए, थाइलैंड के बताए जा रहे हैं, जिसका सत्यापन चल रहा है। एनसीबी को शक है कि उपरोक्त आरोपितों का अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करों से संबंध है। हालांकि, अब तक इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

इन आरोपितों के अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। एनसीबी रेव पार्टी आयोजन करने वाली इवेंट कंपनियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। कई इंवेंट कंपनियों के नाम एनसीबी को मिले हैं।

दक्षिण अमेरिका के एंडीज क्षेत्र से सर्वाधिक होती है कोकीन की आपूर्ति

पूरे विश्व में कोकीन की आपूर्ति दक्षिण अमेरिका के एंडीज क्षेत्र से सर्वाधिक होती है। इसका उत्पादन भारत में नहीं होता है। भारत में दूसरे देशों से कोकीन की आपूर्ति होती है। सर्वाधिक आपूर्ति करने वाला देश कोलंबिया है, जहां से 65 से 70 प्रतिशत तक कोकीन की आपूर्ति होती है। इसके बाद पेरू व फिर बोलीविया है।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यह जानकारी जुटा रहा है कि दूसरे देशों से झारखंड में कोकीन कैसे पहुंचा, बीच की कड़ी कहां से जुड़ी और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।

रांची के हर्ष नामक युवक की तलाश, बताया जा रहा है मास्टरमाइंड

जांच एजेंसी को रांची के हर्ष नामक युवक की तलाश है। उसका अपना रसूख है। नेताओं व अधिकारियों में उसकी अच्छी पहुंच बताई जा रही है। एक अन्य आरोपित आर. जैन भी एनसीबी के रडार पर है, जो वर्तमान में जयपुर में रहता है। वह एक आरोपित रजत जैन का रिश्तेदार है और इस धंधे में लिप्त बताया जा रहा है।

एनसीबी को सूचना है कि गिरोह के साथियों का विदेश कनेक्शन रहा है और उनका विदेश आना-जाना भी रहा है। एनसीबी उनकी विदेश यात्राओं से जुड़े सबूत को भी खंगाल रही है।

ऐसे गिरोह के साथियों तक पहुंची NCB

एनसीबी ने गुप्त सूचना पर 14 अक्टूबर को रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में स्टेशन रोड से संदेह के आधार पर एक हुंडई कार को रोका, जिसमें दो आरोपित रजत जैन व उदित कुमार थे। कार की तलाशी में ही कार से 18 ग्राम कोकीन व 15 पाउच एमडीएमए मिला था। इसके बाद ही उनकी निशानदेही पर अन्य आरोपित एक-एक कर पकड़े गए।

एक युवक आकाश मल्होत्रा ड्रग्स लेने रांची आया था कि एनसीबी ने उसे भी पकड़ा था। मोरहाबादी के समीप बोड़ेया के बैंक कालोनी निवासी स्नेहा पासवान के फ्लैट से भी कुछ ड्रग्स मिले थे। इसके बाद जमशेदपुर कनेक्शन सामने आया, जिसके बाद टीम ने जमशेदपुर के आरोपितों को पकड़ा। एनसीबी की छानबीन जारी है।