झारखंड घरेलू कामगार यूनियन ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रीय कानून बनाने की मांग Ranchi News
Jharkhand. राजधानी रांची में रविवार को झारखंड घरेलू कामगार यूनियन और राष्ट्रीय घरेलू कामगार संगठन के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। सरकार से राष्ट्रीय कानून बनाने की मांग की।
रांची, जासं। राजधानी रांची में रविवार को झारखंड घरेलू कामगार यूनियन और राष्ट्रीय घरेलू कामगार संगठन के सदस्यों ने राजभवन के समीप प्रदर्शन किया। अंतरराष्ट्रीय घरेलू कामगार दिवस के अवसर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने उनके लिए राष्ट्रीय कानून बनाने की मांग की। संगठन के लोगों ने जिला स्कूल से नारेबाजी करते हुए राजभवन तक जुलूस निकाला। लेकिन उन्हें राजभवन से थोड़ा पहले ही रोक दिया गया। इसके बाद उन्होंने वहीं सड़क पर बैठकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
राजभवन के बाहर जुलूस को संबोधित करते हुए संगठन के संयोजक फादर एंथोनी ने कहा कि 16 जून 2011 को भारत ने 100 वें अंतरराष्ट्रीय श्रमिक महासम्मेलन में आइएलओसी-189 के समर्थन में मतदान किया था। लेकिन नौ साल बाद भी उसे देश के घरेलू कामगारों के हित में लागू नहीं किया गया है। राज भवन के बाहर धरने पर बैठे घरेलू कामगार अपनी मांगों के समर्थन में तख्ती लिए हुए थे।
उन्होंने सरकार से आइएलओसी-189 का समर्थन करने की मांग की। इसके साथ ही घरेलू कामगारों के लिए समुचित राष्ट्रीय कानून बनाने की भी अपील की। इस अवसर पर वहां पूनम होरो, आलोका कुजूर, राजन सिंह, रेणू लिंडा सहित कई घरेलू कामगार नेताओं ने अपनी बात रखी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप