'अल नीनो से प्रभावित किसानों को मिले विशेष राहत पैकज', झारखंड सरकार की केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह से डिमांड
झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अल नीनो प्रभावित जिलों के लिए केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज ...और पढ़ें

शिवराज सिंह चौहान हाईलेवल मीटिंग। फोटो X
HighLights
झारखंड ने अल नीनो प्रभावित किसानों हेतु केंद्र से विशेष राहत पैकेज मांगा।
देश में 40% वर्षा की कमी, 248 जिले सामान्य वर्षा से वंचित।
राज्य ने जलवायु-अनुकूल खेती और उर्वरक आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया।
राज्य ब्यूरो, रांची। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को देश के सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक की।
इस दौरान झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्य सरकार द्वारा तैयार किए गए आकस्मिक प्लान प्रस्तुत करते हुए अलनीनो से प्रभावित जिलों के लिए केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज उपलब्ध कराने की मांग की।
बैठक के दौरान भारतीय मौसम विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों में बताया गया कि एक जून से 17 जून तक देश में औसतन 74 मिमी वर्षा होने का अनुमान था, जबकि अब तक मात्र 37 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
वर्तमान में देशभर में वर्षा की कमी लगभग 40 प्रतिशत है और 248 जिलों में अब तक सामान्य वर्षा नहीं हुई है। मौसम विभाग ने आगामी दो सप्ताह तक भी सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना व्यक्त की। इस पर सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों ने अपने-अपने राज्यों की तैयारियों एवं आकस्मिक योजनाओं की जानकारी साझा की।
कम वर्षा के लिए किसानों को किया जा रहा जागरूक
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार ने संभावित अलनीनो प्रभाव को ध्यान में रखते हुए मई माह में ही राज्यव्यापी आकस्मिक प्लान तैयार कर लिया था। जिला एवं प्रखंड स्तर पर कृषि कार्यशालाओं का आयोजन कर किसानों को जागरूक किया गया है। बदलते जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अलनीनो के प्रभाव को देखते हुए जलवायु-अनुकूल फसलों जैसे मड़ुवा, मक्का एवं दलहनी फसलों को बढ़ावा देने की रणनीति अपनाई जा रही है। किसानों की आय में स्थिरता बनाए रखने और संभावित आर्थिक नुकसान को कम करने के लिए मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, लाह उत्पादन, मत्स्य पालन एवं अन्य वनोपज आधारित गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि देश के जिन जिलों में औसत से कम वर्षा हुई है और जहां अलनीनो का प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, वहां के किसानों को राहत प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा विशेष राहत पैकेज उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि किसानों को आर्थिक संकट से उबारा जा सके।
उर्वरक की मांग करें पूरा
बैठक में उर्वरकों की उपलब्धता का मुद्दा भी उठाते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि झारखंड सरकार द्वारा केंद्र सरकार से 3 लाख 90 हजार मीट्रिक टन उर्वरक की मांग की गई थी, जिसके विरुद्ध केंद्र सरकार ने मात्र 3 लाख 20 हजार मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध कराने पर सहमति दी है।
उन्होंने राज्य की आवश्यकता के अनुरूप शेष उर्वरकों की भी समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि किसानों को खेती के मौसम में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
यह भी पढ़ें- JMM ने बदला बयान: सुप्रियो ने अब कहा- हेमंत सोरेन 60 विधायकों के नेता, 56 प्रत्यक्ष और 4 अप्रत्यक्ष
यह भी पढ़ें- बकरी पालन के लिए 7 लाख रुपये दे रही झारखंड सरकार, कैसे उठाएं सरकारी योजना का लाभ?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।