झारखंड की सियासत में परिसीमन की हलचल: 31 या 42 आदिवासी सीटें? झामुमो के फैसले से तय होगी आगे की राह
झारखंड में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर राजनीति गरमा गई है। झामुमो आदिवासी सीटों की संख्या (31 या 42) के आधार पर समर्थन या विरोध का फैसला करेगा।

संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के तीन-तीन सदस्य हैं।
HighLights
झामुमो आदिवासी सीटों की संख्या पर विधेयक का रुख तय करेगा।
भाजपा हर स्थिति में राज्य की राजनीति में नए समीकरण तलाशेगी।
महिला आरक्षण से 36 सीटें आरक्षित, नेतृत्व विकास बड़ी चुनौती।
दिव्यांशु, रांची। संसद में प्रस्तुत होने वाले परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर समर्थन और विरोध को लेकर झारखंड की राजनीति में भी हलचल और उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के तीन-तीन सदस्य हैं। झामुमो ने स्पष्ट किया है कि वह आदिवासी सीटों की संभावित संख्या के आधार पर ही विधेयक के पक्ष या विपक्ष में अपना रुख तय करेगा।
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झामुमो के हर संभावित कदम- चाहे वह समर्थन हो या विरोध में राज्य की राजनीति के भीतर अपने लिए नए समीकरण और संभावनाएं तलाश रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यदि झामुमो इस विधेयक का समर्थन करता है, तो झारखंड में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
इससे सामान्य सीटों की संख्या बढ़ने पर भाजपा को राज्य की सत्ता में वापसी के लिए अपेक्षाकृत अधिक अनुकूल परिस्थितियां मिल सकती हैं।
इसके विपरीत, यदि झामुमो विधेयक का विरोध करता है, तो भाजपा इसे महिला और आरक्षण विरोधी रुख के रूप में पेश कर राजनीतिक बढ़त लेने की कोशिश करेगी।
हालांकि, शुरुआती चरण में भाजपा परिसीमन विधेयक को लेकर मुख्य रूप से कांग्रेस पर राजनीतिक हमले साधती नजर आ रही है।
जनसंख्या आधार बनी तो आदिवासी सीटें अपेक्षाकृत कम बढ़ेंगी
वर्तमान में झारखंड विधानसभा की 81 सीटों में से 28 सीटें आदिवासी समुदाय के लिए आरक्षित हैं, जबकि राज्य में आदिवासी आबादी का अनुपात 24 से 26 प्रतिशत के बीच है।
अनुमानों के मुताबिक, यदि सीटों के निर्धारण में जनसंख्या को आधार बनाया जाता है, तो आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या बढ़कर 31 हो सकती है।
वहीं, मौजूदा 81 विधानसभा सीटों में यदि 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो कुल सीटों की संख्या लगभग 121 तक पहुंच जाएगी।
ऐसे में केवल 31 आदिवासी सीटें होने की स्थिति झामुमो के लिए राजनीतिक रूप से घाटे का सौदा मानी जा रही है। इसके उलट, यदि सामान्य अनुपात के तहत आदिवासी सीटों में भी 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाती है, तो यह संख्या 42 तक पहुंच सकती है।
विधेयक के पारित होने और स्पष्ट प्रावधान सामने आने के बाद ही 31 बनाम 42 सीटों की यह स्थिति साफ हो सकेगी। इसी कारण झामुमो केंद्र सरकार से ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही अंतिम निर्णय लेने के पक्ष में है।
सभी दलों के सामने महिला नेतृत्व तैयार करने की चुनौती
प्रस्तावित विधेयक के तहत 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाने का प्रावधान है। इस व्यवस्था के लागू होने पर झारखंड विधानसभा में लगभग 36 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।
भाजपा, कांग्रेस और झामुमो सहित सभी प्रमुख राजनीतिक दलों में महिला मोर्चा जैसे संगठन सक्रिय तो हैं, लेकिन चुनाव लड़ने और जमीनी स्तर पर नेतृत्व संभालने वाली सक्रिय महिला नेताओं की कमी महसूस की जा रही है।
ऐसे में आगामी वर्षों में सभी दलों के सामने महिला नेतृत्व की एक नई और सशक्त पीढ़ी तैयार करने की बड़ी चुनौती रहेगी।