झारखंड में जानलेवा सफर! गाड़ी पर लटककर यात्रा करते लोगों का वीडियो वायरल, एक्शन में परिवहन मंत्री
झारखंड में एक गाड़ी पर जान जोखिम में डालकर यात्रा कर रहे लोगों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो ...और पढ़ें
HighLights
झारखंड में गाड़ी पर जानलेवा सफर का वीडियो वायरल हुआ।
परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड की सड़कों पर यात्रियों की जान जोखिम में डालकर सफर करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक गाड़ी के बाहर कई लोग बैठे और लटककर सफर करते दिखाई दे रहे हैं। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
गाड़ी की नंबर प्लेट पर JH 01 FF 8480 लिखा दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो कहां का है और कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
Tiger jairam mahto - inquilabi नाम के एक्स अकाउंट से वीडियो साझा कर इस पर चिंता जताई गई है। पोस्ट में लिखा गया है कि झारखंड की सड़कों पर इस तरह दौड़ती गाड़ियां दुर्घटना को न्योता दे रही हैं। इससे न सिर्फ गाड़ी के मालिक, बल्कि आम लोगों की जान को भी खतरा हो सकता है। पोस्ट के जरिए लोगों से सावधानी से सफर करने की अपील की गई है। साथ ही झारखंड पुलिस और परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ को भी टैग किया गया है।
आ बैल मुझे मार झारखण्ड के सड़कों पर दौड़ती गाड़ी दुर्घटना को बुला रही है। न सिर्फ गाड़ी के मालिक को बल्कि जनता को भी ध्यान रखना चाहिए की हमारी जान को खतरा हो सकता है। कृप्या सावधानी से सफर करें। @JharkhandPolice @deepakbiruajmm https://t.co/36IYAJtljH
— Tiger jairam mahto - inquilabi (@JairamTiger) October 15, 2026
परिवहन मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
वीडियो को रीपोस्ट करते हुए झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने एक्स पर रांची ट्रैफिक पुलिस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड पुलिस को टैग करते हुए लिखा, 'तत्परता से कार्यवाही करें और यह भविष्य में नहीं हो ऐसी व्यवस्था करें।'
.@TrafficRanchi तत्परता से कार्यवाही करें और यह भविष्य में नहीं हो ऐसी व्यवस्था करें। @HemantSorenJMM @JharkhandPolice
— Deepak Birua (@deepakbiruajmm) October 15, 2026
मंत्री के इस निर्देश के बाद अब संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई पर नजर रहेगी। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर अभी गाड़ी के स्थान, घटना के समय और उसमें सवार यात्रियों की कुल संख्या की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें- फरार श्रद्धा दुबे ने 12 घंटे में जारी किए तीन वीडियो संदेश, बोली-अधिक परेशान किया गया तो कर लूंगी सुसाइड
