विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand: अमन साहू गैंग के अपराधियों ने ATS की टीम पर की गोलीबारी, डिप्टी एसपी और दारोगा घायल

By Jagran NewsEdited By: Mohit Tripathi
Published: Mon, 17 Jul 2023 11:43 PM (IST)

Firing on Jharkhand ATS गैंगस्टर अमन साहू के शूटरों को गिरफ्तार करने पतरातू पहुंची एटीएस की टीम पर ताबड़तोड़ गोलीबारी ...और पढ़ें

Firing on Jharkhand ATS: डिप्टी एसपी और दारोगा घायल
Firing on Jharkhand ATS: डिप्टी एसपी और दारोगा घायल

जागगरण टीम, रामगढ़: जेल में बंद गैंगस्टर अमन साहू के शूटरों को गिरफ्तार करने पतरातू पहुंची झारखंड एटीएस की टीम पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की गई। इसमें एटीएस के डीएसपी नीरज कुमार और पतरातू थाने के दारोगा सोनू कुमार साहू घायल हो गए हैं।

घटना पतरातू थाना क्षेत्र के सरना स्कूल के पास सोमवार की रात लगभग पौने नौ बजे की है। अमन साहू गिरोह के दो अपराधी बाइक पर सवार थे। एटीएस की टीम ने जैसे ही उन्हें घेरने की कोशिश की, तो वे लोग ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। इसमें डीएसपी नीरज के पेट में दारोगा सोनू कुमार साहू को जांघ में गोली लगी है।

डीएसपी को मेडिका अस्पताल में कराया गया भर्ती

डीएसपी को तत्काल इलाज के लिए मेडिका अस्पताल रांची में भर्ती कराया गया है, वहीं सोनू कुमार को पतरातू स्थित मैक्स केयर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर कर दिया गया। एटीएस की टीम ने अमन साहू गिरोह के दो शूटरों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस ने घटना स्थल से एक खोखा बरामद किया है। कुल पांच राउंड फायरिंग होने की सूचना है।

अमन गिरोह के अपराधियों को गिरफ्तार करने पहुंची थी टीम

एटीएस की टीम अमन गिरोह के बाबी खान सहित अन्य अपराधियों को गिरफ्तार करने पतरातू पहुंची थी। घटना की सूचना पाकर पतरातू एसडीपीओ, रांची एटीएस की टीम सहित कई पुलिस अधिकारी मामले में जांच में जुट गए हैं। जांच के दौरान घटना स्थल पर एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर पुलिस का एक जवान रवि उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक के पीछे बैठा एक युवक भी घायल हो गया है।

रामगढ़ एसपी ने घटना की पुष्टि की

घटना की पुष्टि करते हुए रामगढ़ एसपी पीयूष पांडेय ने बताया कि अमन साहू गिरोह के अपराधियों के पतरातू में होने की सूचना पर रांची एटीएस व रामगढ़ पुलिस की टीम संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर हमला कर दिया।

इस गोलीबारी में एक डीएसपी व एक दारोगा को गोली लगी है। राहत की बात यह है कि दोनों खतरे से बाहर हैं। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है। देर रात एसपी पीयूष पांडेय भी घटना स्थल पर पहुंचे।

संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ चल रहा अभियान

राज्य में संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ एटीएस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का सोमवार को तीसरा दिन था। राज्य में दस जगहों को चिह्नित कर एटीएस की पांच टीमें अभियान में जुटी हैं। पतरातू पहुंची टीम का नेतृत्व डीएसपी नीरज कुमार कर रहे थे।

डीएसपी नीरज कुमार को मिल चुका है गृह मंत्री मेडल

यह वही डीएसपी नीरज कुमार हैं, जिन्हें बेहतर अनुसंधान के लिए गृह मंत्री मेडल मिल चुका है। रांची के मुख्यालय वन डीएसपी रहते हुए नीरज कुमार ने कांके में ला कालेज की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले का खुलासा किया था।