विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

INTERNET BAN in JHARKHAND: विसर्जन जुलूस के दौरान युवक की हत्‍या के बाद तनाव, हजारीबाग,चतरा, कोडरमा में इंटरनेट बंद, इलाका छावनी में तब्दील

By M EkhlaqueEdited By:
Published: Sun, 06 Feb 2022 10:33 PM (IST)Updated: Mon, 07 Feb 2022 11:08 AM (IST)

INTERNET BAN in HAZARIBAG प्रत‍िमा व‍िसर्जन के दौरान झारखंड के हजारीबाग में दो समुदायों के बीच ह‍िंंसक झड़प में क‍िशोर ...और पढ़ें

Jharkhand Crime News: हजारीबाग में दो समुदायों के बीच ह‍िंंसक झड़प में मौत के बाद इंटरनेट बंद...।
Jharkhand Crime News: हजारीबाग में दो समुदायों के बीच ह‍िंंसक झड़प में मौत के बाद इंटरनेट बंद...।

हजारीबाग, जागरण संवाददाता। Youth Killed During Procession हजारीबाग ज‍िले के बरही थाना अंतर्गत नईटांड गांव में रविवार संध्या विसर्जन जुलूस देखने जा रहे 17 साल के किशोर रूपेश कुमार की एक दूसरे समुदाय से मारपीट के बीच मौत हो गई। वह नईटांड ग्राम निवासी सिकंदर पांडे का पुत्र था। मारपीट में रूपेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल बरही अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। रूपेश अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था।

हजारीबाग ज‍िले में आधी रात से ही इंटरनेट बंद

उधर, घटना के बाद बढ़ते तनाव को देखते हुए ज‍िला प्रशासन ने रव‍िवार की आधी रात से ही इंटरनेट सेवा पर पाबंदी लगा दी है। प्रशासन से ऐसा इसल‍िए क‍िया है क‍ि शरारती तत्‍व इस घटना को लेकर कोई अफवाह उड़ा कर माहौल खराब करने की कोश‍िश नहीं कर सके। इंटरनेट सेवा ठप होने से लोग परेशान हैं। सोमवार सुबह जब लोग सो कर उठे तो पता चला क‍ि इंटरनेट सेवा ठप है।

चतरा और कोडरमा में भी इंटरनेट सेवा ठप

हजारीबाग के अलावा कोडरमा जिले में भी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसक झड़प की बात सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने आधी रात से इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बंद कर दी है। चतरा, कोडरमा और हजारीबाग जिला आपस में एक दूसरे से जुड़े हुए हैं, इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने इन तमाम जिलों में एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं ठप कर दी हैं।

ग्राहकों के मोबाइल पर लगातार जीयो और एयरटेल जैसी कंपनियों की ओर से यह संदेश भेजा जा रहा है कि आपकी इंटरनेट सेवा अस्थाई रूप से स्थगित कर दी गई है।

नईटांड़ गांव में बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित, एसपी कर रहे कैंप

जानकारी के अनुसार, बरही का नईटांड़ गांव पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। गांव में किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। पुलिस छावनी में तब्दील इस गांव में एसपी खुद भी कैंप कर रहे हैं। सूचना है कि उपद्रवियों ने दो वाहनों में भी आग लगा दी है। बताया जा रहा है की रविवार देर रात उपद्रवियों ने दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। गांव के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस गांव के तमाम गलियों में गश्त लगा रही है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए हैं। एसपी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। दैनिक जागरण भी अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करता है।

सरस्वती प्रतिमा विसर्जन जुलूस देखने जा रहा था

ग्रामीणों के अनुसार रूपेश सरस्वती प्रतिमा विसर्जन जुलूस देखने जा रहा था। इसी बीच दूसरे समुदाय के साथ मारपीट हो गई। मारपीट क्यों किस बात को लेकर हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, किशोर की मौत को लेकर इलाके में तनाव फैल गया। ग्रामीणों द्वारा दूसरे पक्ष के लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद शांति व विधि व्यवस्था कायम रखने को लेकर प्रशासन द्वारा इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

पुल‍िस की तत्‍परता से फ‍िलहाल स्‍थ‍ित‍ि न‍ियंत्रण में

जानकारी मिलते ही एसडीओ पूनम कुजूर, डीएसपी नजीर अख्तर, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी नीरज कुमार स‍िंंह दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर मामले को नियंत्रित करते हुए मामले की छानबीन में जुट गए हैं। पुलिस की तत्परता से स्थिति पूरी तरह नियंत्रित हो गया। पुल‍िस के अनुसार, यह मामला प्रेम प्रसंग का है। चार आरोप‍ित ह‍िरासत में ल‍िए गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। डीएसपी नजीर अख्‍तर ने कहा क‍ि दोषी कोई भी हो बख्‍शे नहीं जाएंगे। उन्‍होंने लोगों से अफवाहों पर ध्‍यान नहीं देने की अपील की है।

अस्‍पताल में मृतक के पर‍िजन का रो-रोकर बुरा हाल

वहीं बरही अनुमंडलीय अस्पताल में मृतक के शव को देखकर परिजन का रो-रो कर बुरा हाल रहा। बरही अस्पताल में शोक संतप्त परिजन से भेंट करने पहुंचे भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर, सदभावना विकास मंच के अध्यक्ष राज स‍िंंह चौहान, सचिव कुंदन कुमार शर्मा, युवा नेता रितेश गुप्ता, विहिप के गुरुदेव गुप्ता, नंद किशोर कुमार आदि पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ढांढस बंधाया। इधर, बरही में इस घटना को लेकर अफवाहें गर्म हो गई हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। फिलहाल मामला शांत है और पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

कोडरमा के मरकच्चो में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई

उधर, कोडरमा के मरकच्चो में प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस झड़प के दौरान एक पक्ष के 13 लोग और दूसरे पक्ष का एक युवक घायल हो गया। इतनी छोटी सी बात को लेकर देखते ही देखते माहौल अशांत हो गया। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की। उपद्रव को नियंत्रित किया। पुलिस ने हालात पर नियंत्रण तो पा लिया, लेकिन इसी बीच पड़ोसी हजारीबाग जिले के बरही में हुई घटना को देखते हुए यहां भी किसी तरह का उपद्रव शुरू नहीं हो जाए, इस वजह से जिला प्रशासन ने कोडरमा में भी इंटरनेट सेवा आधी रात से बंद करने का फैसला लिया। कोडरमा जिले में इंटरनेट सेवा आधी रात से पूरी तरह ठप है। इससे लोग काफी परेशान हैं। उधर, पुलिस हालात पर नजर रख रही है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही हालात सामान्य होंगे इंटरनेट सेवा शुरू कर दी जाएगी।

हजारीबाग में बरही के पास जीटी रोड जाम, ग्रामीण कर रहे शव के साथ प्रर्दशन

उधर, हजारीबाग के बरही में प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक की मौत के बाद कायम तनाव और विकराल होता नजर आ रहा है। युवक के शव के साथ सैकड़ों ग्रामीणों ने बरही अनुसूचित विद्यालय के पास जीटी रोड को जाम कर दिया है। करीब डेढ़ सौ की संख्या में ग्रामीण सड़क जाम कर यहां प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर एसपी मनोज रतन चोथे भी मौजूद हैं। एसपी ग्रामीणों को लगातार समझाने की कवायद में जुटे हुए हैं। वहीं, ग्रामीण जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।