यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lohardaga News: बेटा रोजगार की तलाश में गया प्रदेश, पिता ने फांसी लगाकर की अत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
Lohardaga News झारखंड के लोहरदगा जिले में एक वृद्ध ने एस्बेस्टस के कमरे के छत पर लगे पाइप में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

लोहरदगा, जासं। Lohardaga News झारखंड के लोहरदगा जिले के बगडू थाना क्षेत्र के बेटहठ जतरा टोली में शुक्रवार की रात वृद्ध ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना मिलने के बाद दलबल के साथ बगडू थाना प्रभारी विश्वजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बेटा रोजगार की तलाश में गया है प्रदेश
बताया जाता है कि बगडू थाना क्षेत्र के बेटहठ जतरा टोली निवासी स्वर्गीय कुमार बाखला का पुत्र पैकस बाखला (60 वर्ष) घर में अकेला था। उसका बेटा रोजगार की तलाश में दूसरे प्रदेश गए हुए हैं। पैकस मानसिक रुप से भी बीमार बताया जा रहा है।
घटना के बारे में बताया गया कि शुक्रवार की रात पैकस बाखला ने एस्बेस्टस के कमरे के छत पर लगे पाइप में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। शनिवार सुबह जब पैकस काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोगों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया। दरवाजा अंदर से बंद मिला।
जिसके बाद इसकी सूचना बगडू थाना पुलिस को दी गई। बगडू थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की सहायता से दरवाजा खोला तो पैकस को फांसी के फंदे से झूलता हुआ पाया। इसके बाद शव को फांसी के फंदे से उतारकर शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही स्वजनों का बयान भी दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।