यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रांची में माकपा नेता सुभाष मुंडा की गोलियों से भूनकर हत्या, विरोध में भारी बवाल; आक्रोशित लोगों ने की आगजनी
रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित दलादली चौक के पास बुधवार रात अज्ञात अपराधियों ने माकपा नेता व जमीन कारोबारी ...और पढ़ें

HighLights
- बाइक पर आए चार अपराधियों ने उनके दफ्तर में घुसकर उनपर ताबड़तोड़ आठ गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
- सिटी एसपी मौके पर पहुंचे, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें खदेड़ दिया।
संवाद सूत्र, रातू/रांची: रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित दलादली चौक के पास बुधवार रात अज्ञात अपराधियों ने माकपा नेता व जमीन कारोबारी सुभाष मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक पर आए चार अपराधियों ने उनके दफ्तर में घुसकर उनपर ताबड़तोड़ आठ गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इस घटना के विरोध में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने दलादली चौक पर देर रात तक हंगामा किया। शव के साथ प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चौक पर टायर जलाकर सड़क को जाम कर दिया, जबकि दर्जनों गाड़ियों में तोड़फोड़ कर कई दुकानों में आग लगा दी।

घटना की सूचना पाकर सिटी एसपी मौके पर पहुंचे, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें खदेड़ दिया। स्थिति को भांपते हुए सिटी एसपी पीछे हटे। इस दौरान लोगों ने उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया।
सुभाष को गोली क्यों मारी गई यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद आसानी से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर डीआईजी, एसएसपी, सिटी एसपी समेत जिले के कई थानों के थानेदार व पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
सिटी SP पर हमले के बाद बड़ी संख्या में पहुंचे जवान
सिटी एसपी पर हमला होने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी थोड़ी देर के लिए घटनास्थल से पीछे हट गए। ग्रामीण एसपी और सिटी एसपी भी कटहल मोड़ के पास खड़े हो गए और जवानों के आने का इंतजार करने लगे।
इसके बाद सैकड़ों जवान मौके पर पहुंचे। डीआइजी व अन्य पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। इसके बाद पुलिस धीरे-धीरे आगे बढ़ी, लेकिन दलादली चौक पर जाने से पहले ही रुक गई।
दूसरी तरफ से एसएसपी कांठीटांड चौक की ओर से घटनास्थल पर पहंचे। एसएसपी लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन कोई बात नहीं सुन रहा था।
हाथ में डंडा और लोहे का रॉड ले कर रहे थे बवाल
दलादली चौक पर सुभाष मुंडा की हत्या होने के बाद उग्र लोग हाथों में डंडा और लोहे् की राड लेकर गाड़ियों में तोड़फोड़ कर रहे थे। इस दौरान कई ट्रक चालकों के साथ मारपीट की गई।
.jpg)
कुछ वाहन चालक गाड़ी को छोड़कर मौके से फरार हो गए। चौक को हर तरफ से जाम कर दिया गया। एक भी वाहन को चौक के तरफ नहीं आने दिया जा रहा था। कोई वाहन चालक प्रयास कर रहा था तो उग्र लोगों उसके साथ लोग मारपीट कर रहे थे।
बिना कुछ बात किए अपराधियों ने मारी गोली
दलादली चौक के पास सुभाष मुंडा के कार्यालय में दो अन्य लोग भी बैठे हुए थे। दोनों लोगों ने पुलिस को बताया कि माकपा नेता की हत्या करने पहुंचे चारों अपराधियों के हाथ में पिस्टल था।
अपराधियों ने सुभाष मुंडा से बिना कोई बातचीत किए सीधे ताबड़तोड़ गोलियां दाग दी। पुलिस दोनों व्यक्तियों की निशानदेही पर अपराधियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
हत्यारों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पूरे शहर में चेकिंग अभियान लगाया गया है। कार्यालय और अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मांडर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके थे सुभाष मुंडा
सीपीआइ नेता सुभाष मुंडा हटिया व मांडर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके थे। पिछले विधानसभा चुनाव में मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, गंगोत्री कुजूर के बाद वह तीसरे नंबर पर थे। वर्तमान में वह मांडर विधानसभा क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाने में जुटे थे।
