Jharkhand Coronavirus Update: झारखंड में एक दिन में रिकॉर्ड 1567 लोगों ने कोरोना को हराया, अब 7829 सक्रिय मरीज
Jharkhand Coronavirus Update झारखंड में अब मरीजों के स्वस्थ होने की दर 60 फीसद से अधिक हो गई है। बुधवार को राज्य के विभिन्न जिलों में 679 नए मरीज भी मिले।
रांची, राज्य ब्यूरो। हाल के दिनों में कोरोना संक्रमण की बढ़ी रफ्तार के बाद अब बड़ी संख्या में मरीजों के स्वस्थ होने का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को झारखंड में रिकार्ड 1,567 मरीजों ने कोरोना को मात दी। इससे पहले एक दिन में इतने मरीज स्वस्थ नहीं हुए थे। इधर लगातार कई दिनों से नए संक्रमित से अधिक पुराने मरीजों के ठीक हाेने के कारण अब राज्य में स्वस्थ होने की दर 60 फीसद से अधिक हो गई है। अब राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 7829 रह गई है।
इधर, बुधवार को राज्य के विभिन्न जिलों में 679 नए मरीज भी मिले। दूसरी तरफ, जमशेदपुर में पांच, रांची, धनबाद व हजारीबाग में एक-एक कोरोना संक्रमित मरीजों की इलाज के क्रम में मौत हो गई। बुधवार को महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। इससे पहले उनके माता-पिता को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जमशेदपुर के टीएमएच (टाटा मेमोरियल हॉस्पीटल) में भर्ती कराया गया था। बता दें कि दीपिका से पहले विधायक मथुरा महतो, सीपी सिंह, लंबोदर महतो, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर संक्रमित हो चुके हैं।
इनमें सभी संक्रमणमुक्त हो चुके हैं। लंबोदर महतो की बुधवार को रिपोर्ट निगेटिव आई। वहीं, झारखंड हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल भी बुधवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए। हाई कोर्ट से कुल 15 संक्रमित मिले हैं। वहीं, सिमडेगा में वन विभाग और परिवहन विभाग के कर्मियों समेत कई पुलिस के जवान भी संक्रमित मिले हैं। उधर, लातेहार के बरवाडीह में भी सीआरपीएफ के कई जवान पॉजिटिव पाए गए हैं।
धनबाद रेलवे अस्पताल की हेड नर्स समेत छह की मौत
रांची के रिम्स में बुधवार को दो मरीजों की मौत हो गई। इनमें एक मरीज रांची स्थित हरमू के गंगानगर का निवासी थे। वहीं, रेलवे अस्पताल, धनबाद की हेड नर्स की भी रिम्स में इलाज के क्रम में मौत हो गई। दूसरी ओर, जमशेदपुर के टीएमएच में भी पांच कोरोना मरीजों की मौत हो गई। ये सभी कई अन्य गंभीर बीमारियों से भी ग्रस्त थे।
अब घटने लगी सक्रिय मरीजों की संख्या
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़ने के बाद अब सक्रिय मरीजों की संख्या घटने लगी है। अब ऐसे मरीजों की संख्या घटकर 7,829 हो गई है। वहीं, कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 20,257 तक पहुंच गया है। इनमें 12,197 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। दूसरी ओर, राज्य में कोरोना से मौत का आंकड़ा अब 231 पर पहुंच चुका है।
जमशेदपुर में 177, रांची में 119 नए मरीज
बुधवार को एक बार फिर जमशेदपुर में 177 तथा रांची में 119 नए मरीज मिले। इनके अलावा बोकारो में 35, देवघर में 53, धनबाद में 41, दुमका में 06, गढ़वा में 10, गिरिडीह में 12 गोड्डा में 12, गुमला में 15, हजारीबाग में 10, जामताड़ा में 06, खूंटी में 12, कोडरमा में 11, लातेहार में 26 लोहरदगा में 12, पाकुड़ में 02, पलामू में 05, रामगढ़ में 05, साहिबगंज में 09, सरायकेला में 36, सिमडेगा में 34 तथा पश्चिमी सिंहभूम में 31 नए मरीज मिले।
कहां कितने मरीज हुए स्वस्थ
बुधवार को बोकारो में 27, चतरा में 63, देवघर में 63, धनबाद में 274, दुमका में 16, जमशेदपुर में 111, गोड्डा में 285, गुमला में 52, गढ़वा में 21, गिरिडीह में 10, हजारीबाग में 27, जामताड़ा में 15, खूंटी में 07, कोडरमा में 05, पाकुड़ में 90, लातेहार में 51, लोहरदगा में 25, पलामू में 40, रामगढ़ में 21, रांची में 156, साहिबगंज में 53, सरायकेला में 57, सिमडेगा में 10 तथा पश्चिमी सिंहभूम में 88 मरीज स्वस्थ हुए।
कोरोना मीटर
नए मामले : 679
बुधवार को हुई मौत : 08
एक दिन पूर्व मिले मामले : 700
सक्रिय मरीज : 7,829
अब तक स्वस्थ : 12,197
कोरोना के कुल मामले : 20,257
अबतक मौत : 231
बुधवार को हुई जांच : 6,272
अबतक हुई जांच : 4,02,072