Jharkhand Coronavirus Update: झारखंड में आज मिले 202 कोरोना पॉजिटिव, 82 रांची में; जानें ताजा हाल
Jharkhand Coronavirus Update बुधवार को झारखंड में 204 कोरोना मरीज स्वस्थ हुए। किसी कोरोना मरीज की मौत नहीं हुई। पूरे राज्य में 15549 लोगों की कोरोना जांच हुई जिनमें 202 संक्रमित पाए गए। सबसे अधिक रांची में कुल 82 नए कोरोना संक्रमित मिले।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Coronavirus Update झारखंड का पाकुड़ जिला अब कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गया है। यहां एक दिन पहले तक एक मरीज संक्रमित था, जो बुधवार को स्वस्थ हो गया। वहीं, पिछले कई दिनों से यहां कोई नया संक्रमित नहीं मिला है। इधर, राज्य के आधा दर्जन अन्य जिले भी संक्रमण मुक्त होने की ओर अग्रसर हैैं। इन जिलों में 15 या इससे भी कम मरीज ही अब भी संक्रमित हैं। इनमें गिरिडीह, गोड्डा, सिमडेगा, दुमका, लातेहार, तथा पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। इनमें तीन जिलों में 10 से कम और बाकी तीन में 15 या उससे कम मरीज हैैं। लंबे समय राज्य का कोई जिला संक्रमणमुक्त हुआ है।
इधर, बुधवार को भी राज्य में 204 मरीज स्वस्थ हुए। अच्छी बात यह भी है कि 24 घंटे के भीतर राज्य में किसी कोरोना मरीज की मौत नहीं हुई। बुधवार को पूरे राज्य में 15,549 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिनमें 202 संक्रमित पाए गए। सबसे अधिक रांची में कुल 82 नए संक्रमित मिले। इसके बाद धनबाद में 24, पूर्वी सिंहभूम में 20, रामगढ़ में 16 तथा गढ़वा में दस नए संक्रमित मिले।
गिरिडीह, पाकुड़, गोड्डा तथा सरायकेला खरसावां में कोई संक्रमित नहीं मिला। अन्य जिलों में 10 से कम संख्या में नए संक्रमित मिले हैं। नए संक्रमितों की पहचान होने तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 1,613 हो गई है। यहां कोरोना के कुल मामले 1,13,609 हो गए हैं, जिनमें 1,10,962 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। यहां अबतक 1034 कोरोना मरीजों की जान गई है। हालांकि इनमें ज्यादातर या तो वृद्ध थे या अन्य बीमारियों से जूझ रहे थे।