Jharkhand Coronavirus Update: झारखंड में आज मिले 280 कोरोना मरीज, जानें ताजा हाल
Jharkhand Coronavirus Update News. रांची स्थित रिम्स से मिली जांच रिपोर्ट के अनुसार आज कुल 565 सैंपलों की जांच की गई। इसके अलावा 27 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।
रांची, जासं। Jharkhand Coronavirus Update News झारखंड में आज बुधवार को कोरोनावायरस के 280 पॉजिटिव केस मिले हैं। रांची स्थित रिम्स से मिली जांच रिपोर्ट के अनुसार आज कुल 565 सैंपलों की जांच की गई। इसमें से 499 निगेटिव और 63 पॉजिटिव मिले। इसमें रिम्स के 23, गढ़वा से पांच, रामगढ़ से एक और पलामू से 34 कोरोना मरीज की पुष्टि हुई है। इसके अलावा 27 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। इससे पहले मंगलवार को राज्य में 806 मरीज मिले थे।
10 हजार के करीब पहुंची कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या
राज्य में जैसे-जैसे कोरोना जांच की रफ्तार में तेजी आ रही है, वैसे-वैसे नए संक्रमितों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को रिकार्ड 867 नए कोरोना मरीजों के मिलने के बाद बुधवार को भी राज्य के विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में नए संक्रमितों की पहचान हुई है। बुधवार को शाम तक ही कोरोना के 280 नए मामले आ चुके थे, जबकि कई जगहों से आरटी-पीसीआर की रिपोर्ट आनी बाकी थी। राज्य में कोरोना के मामले अब 10 हजार के करीब पहुंच चुके हैं।
इधर, बुधवार को भी राज्य में छह मरीजों की मौत हो गई। बुधवार को लगभग सभी जिलों में कोरोना के मरीज मिले। चतरा में 40, पलामू में 33, रांची में 25, जमशेदपुर में 24, प. सिंहभूम में 18, सिमडेगा में 16, रामगढ़ में 14, लोहरदगा तथा पाकुड़ में 10-10, गुमला में पांच, खूंटी में चार, हजारीबाग में दो, सरायकेला में एक नए मरीजों की पहचान हुई। उधर, बुधवार को रांची में चार तथा जमशेदपुर तथा धनबाद में एक-एक मरीज की मौत हो गई।
रांची के पारस अस्पताल में एक बैंक कर्मी की मृत्यु रिम्स लाने के क्रम में हो गई। इसी तरह, रिम्स में तीन मौत हो गई। इनमें एक गुमला के पुलिस पदाधिकारी के चालक, एक रांची के ही अरगोड़ा के एक वृद्ध तथा रांची की ही एक अन्य महिला शामिल हैं। वहीं, धनबाद के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कतरास के 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। उन्हें 12 दिन पूर्व कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दूसरी ओर जमशेदपुर के टीएमएच में भी टाटा स्टील के एक कर्मचारी की मौत हो गई।
ये सभी मरीज पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे। राज्य में अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 5,849 हो गई है। वहीं, राज्य में कोरोना के कुल मामले दस हजार के करीब पहुंच चुके हैं। 31 मार्च से लेकर अबतक इसके कुल 9948 मामले आ चुके हैं। राहत की बात यह है कि इनमें 3984 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। राज्य में अबतक 115 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। हालांकि इनमें अधिसंख्य वृद्ध और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे।