'15 लाख का वादा अधूरा, टैक्स चोरों पर क्यों मेहरबान है बीजेपी?', झारखंड कांग्रेस का मोदी सरकार पर निशाना
झारखंड कांग्रेस ने मोदी सरकार पर पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से जुड़े कथित टैक्स चोरी के मामलों को लेकर निशाना साधा है।

राकेश सिन्हा (फाइल फोटो)
HighLights
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर टैक्स चोरी को लेकर साधा निशाना।
राकेश सिन्हा ने पूछा, क्या भाजपा के लिए टैक्स कानून अलग हैं?
हजारों करोड़ की टैक्स चोरी पर कार्रवाई धीमी क्यों, सवाल।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से जुड़े कथित टैक्स चोरी के मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से विदेशों में जमा काला धन वापस लाने और हर नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये आने का सपना दिखाया था। ना काला धन वापस आया और ना ही खातों में 15 लाख रुपये आए। अब सवाल यह है कि क्या भाजपा शासन में देश के भीतर ही काले धन को सफेद करने का नया रास्ता तैयार किया गया?
टैक्स नोटिस देने में केंद्र सरकार ने पूरी ताकत लगा दी
राकेश सिन्हा ने कहा कि सवाल बहुत सीधा है कि आम आदमी की छोटी टैक्स गलती पर नोटिस भेजने वाली सरकार हजारों करोड़ रुपये के कथित टैक्स खेल पर चुप क्यों है? कांग्रेस को 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए उसके बैंक खातों को फ्रीज करने और भारी-भरकम टैक्स नोटिस देने में केंद्र सरकार ने पूरी ताकत लगा दी थी।
लेकिन जब हजारों करोड़ रुपये की कथित टैक्स चोरी से जुड़े राजनीतिक दलों का मामला सामने आता है तो कार्रवाई की रफ्तार अचानक धीमी क्यों पड़ जाती है?
क्या भाजपा के लिए टैक्स कानून अलग है और विपक्ष के लिए अलग? कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने सवाल पूछा कि सरकार के पास कार्रवाई करने के पर्याप्त आधार हैं तो वह सामने आए और बताए। दस हजार करोड़ से अधिक की टैक्स चोरी में अब तक कितनी वसूली हुई?
